Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

ऑपरेशन त्रिनेत्र— ड्रग्स की काली कमाई पर प्रतापगढ़ पुलिस का बड़ा प्रहार, दो तस्करों की 70 लाख की अवैध संपत्ति फ्रीज

जयपुर, (8 जुलाई 2026)। महानिदेशक पुलिस राजस्थान राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार राजस्थान पुलिस द्वारा नशा तस्करों के आर्थिक नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत प्रतापगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एफ(1) के अंतर्गत मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित करीब 70 लाख रुपये मूल्य की अवैध संपत्तियों को फ्रीज करने की कार्रवाई की है। इस संबंध में सक्षम प्राधिकारी नई दिल्ली द्वारा दोनों आरोपियों के विरुद्ध फ्रीजिंग नोटिस जारी कर दिए गए हैं।

जिला पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ बी. आदित्य के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के तहत थाना कोटड़ी पुलिस ने लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त दो आरोपियों अकबर खान एवं नय्युम खान की चल-अचल संपत्तियों की वित्तीय जांच की। जांच में सामने आया कि दोनों ने एमडीएमए, ब्राउन शुगर एवं अन्य मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध आय से करोड़ों की संपत्ति बनाई थी। इसके बाद थाना प्रभारी कोटड़ी श्री रोहित कुमार ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत संपत्ति फ्रीज करने का प्रस्ताव तैयार कर भारत सरकार की सक्षम प्राधिकारी को भेजा, जिसे स्वीकार कर नोटिस जारी किए गए।

यह कार्रवाई वर्ष 2025 में दर्ज एक एनडीपीएस प्रकरण की जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर की गई। 31 अक्टूबर 2025 को थाना हथुनिया पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान आरोपी अकबर खान को 2.227 किलोग्राम एमडी के साथ गिरफ्तार किया था। अनुसंधान में खुलासा हुआ कि यह मादक पदार्थ नय्युम खान को पहुंचाया जाना था, जिसके बाद अप्रैल 2026 में उसे भी गिरफ्तार किया गया। आगे की वित्तीय जांच में दोनों की संदिग्ध संपत्तियों का खुलासा हुआ।

जांच में पाया गया कि आरोपी अकबर खान ने कोटड़ी में अपने नाम पर 5 बीघा आबादी भूमि, जिसकी वर्तमान बाजार कीमत करीब 50 लाख रुपये है, खरीदी थी। वहीं नय्युम खान ने अपने नाम पर 2 बीघा भूमि, जिसकी कीमत करीब 20 लाख रुपये है, अवैध कमाई से अर्जित की थी। दोनों संपत्तियों का कुल बाजार मूल्य लगभग 70 लाख रुपये है।

सक्षम प्राधिकारी द्वारा फ्रीजिंग नोटिस जारी होने के बाद थाना कोटड़ी पुलिस ने संबंधित संपत्तियों पर फ्रीजिंग बोर्ड लगा दिए हैं तथा अग्रिम कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को सूचित कर दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने कहा कि प्रतापगढ़ पुलिस भविष्य में भी मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों तथा ऐसे अपराधियों को प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से संरक्षण देने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रखेगी। केवल तस्करों की गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि उनकी अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों को जब्त एवं फ्रीज कर उनके आर्थिक तंत्र को पूरी तरह ध्वस्त करना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.