Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
मुख्य सचिव ने सुशासन संबंधी भाषणों के संकलन का किया विमोचन
मिशन कर्मयोगी एवं क्षमता विकास कार्यक्रमों की प्रगति पर हुई चर्चा
जयपुर, (8 जुलाई 2026)। मुख्य सचिव वी.श्रीनिवास द्वारा विभिन्न समारोह, कार्यक्रम, बैठकों में सुशासन विषय पर व्यक्त विचार/भाषणों के संकलन को हरिशचंद्र माथुर राजस्थान राज्य लोक प्रशासन संस्थान ने पुस्तिका के रूप में प्रकाशित किया है। इसका बुधवार को मुख्य सचिव वी.श्रीनिवास, संस्थान की महानिदेशक श्रेया गुहा, अतिरिक्त महानिदेशक श्री शाहीन अली ख़ान ने सचिवालय में विमोचन किया।
यह पुस्तिका प्रशासनिक अधिकारियों, लोक प्रशासन और गुड गवर्नेंस के विद्यार्थियों व प्रबंधकों के लिए उपयोगी साबित होगी। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने सुशासन को सुदृढ़ बनाने, प्रशासनिक कार्यप्रणाली में नवाचार को बढ़ावा देने तथा अधिकारियों-कर्मचारियों की क्षमता वृद्धि के लिए किए जा रहे प्रयासों पर चर्चा की।
मिशन कर्मयोगी कार्यक्रम के तहत आयोजित की जा रही कार्यशालाओं, क्षमता विकास कार्यक्रमों एवं प्रशिक्षण गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों एवं कार्मिकों के निरंतर कौशल विकास से शासन व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाया जा सकता है।
इस दौरान हरिशचन्द्र माथुर राजस्थान राज्य लोक प्रशासन संस्थान की महानिदेशक श्रेया गुहा एवं अतिरिक्त महानिदेशक शाहीन अली ख़ान के साथ मिशन कर्मयोगी, क्षमता विकास कार्यक्रमों तथा सुशासन की दिशा में किए जा रहे विभिन्न प्रयासों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। मुख्य सचिव ने मिशन कर्मयोगी के अंतर्गत हुए साधना सप्ताह पहल को भी सराहा।
मुख्य सचिव ने कहा कि सुशासन का उद्देश्य आमजन को समयबद्ध, पारदर्शी एवं संवेदनशील प्रशासन उपलब्ध करवाना है। इसके लिए आधुनिक प्रशिक्षण, तकनीकी दक्षता एवं नवाचार आधारित कार्यप्रणाली को निरंतर प्रोत्साहित किया जाना आवश्यक है।