Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

पंचायत समिति बामनवास में बिना अनुमति पेड़ काटने के दोषी अधिकारी कर्मचारियों को निलंबित किया जाएगा – पंचायतीराज मंत्री

जयपुर, (1 अगस्त 2024)। पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर ने गुरुवार को विधानसभा में कहा कि पंचायत समिति बामनवास परिसर के पेड़ों को बिना प्रशासन की अनुमति के काटने के जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निलंबित किया जाएगा।

दिलावर ने पंचायत समिति बामनवास की कुछ ग्राम पंचायतों द्वारा विभिन्न मदों में स्वीकृत कार्यों में अनियमितता की शिकायतों की भी एक महीने में जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के लिए आश्वस्त किया।

दिलावर प्रश्नकाल के दौरान सदस्य द्वारा इस संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्नों पर जवाब दे रहे थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि बामनवास पंचायत समिति परिसर में पेड़ काटने की अनुमति मांगी गई थी, लेकिन अनुमति नहीं मिलने के बावजूद पेड़ों को काट दिया गया। उन्होंने बताया कि चुरैल के 9 पेड़ काटे गए, सिरस के 7, नीम के 3, अरडू के 2 तथा शीशम के 1 पेड़ को बिना अनुमति के काटा गया है।

इससे पहले विधायक इन्द्रा के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में पंचायतीराज मंत्री ने सदन को अवगत कराया कि पंचायत समिति बामनवास द्वारा पंचायत समिति एवं अन्य मद में स्वीकृत कार्यों में से कुछ ग्राम पंचायतों में अनियमितता की शिकायत प्राप्त हुई है, जिसकी 1 माह में जांच करने हेतु निर्देशित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि पंचायत समिति बामनवास परिसर के पेड़ों की 60 हजार रूपये की राशि राजकोष में जमा हुई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.