Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

फलौदी विधानसभा क्षेत्र में आवश्यकतानुसार नवीन पशु चिकित्सा उपकेन्द्र खोले जाएंगे -पशुपालन मंत्री

जयपुर, (18 जुलाई 2024)। पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत ने गुरुवार को राज्य विधानसभा में कहा कि राज्य सरकार द्वारा इस वर्ष बजट में 500 नवीन पशु चिकित्सा उपकेन्द्र खोलने की घोषणा की गई है। उन्होंने आश्वस्त किया कि फलौदी विधानसभा क्षेत्र में आवश्यकतानुसार नवीन पशु चिकित्सा उपकेन्द्र खोले जाएंगे।
पशुपालन मंत्री प्रश्नकाल के दौरान सदस्यों द्वारा इस संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि फलौदी विधानसभा क्षेत्र में स्वीकृत पशु चिकित्सा केन्द्रों में भवन निर्माण के लिए आवश्यकता एवं बजट की उपलब्धता के आधार पर प्राथमिकता से विचार किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पूर्ववर्ती सरकार द्वारा प्रदेश में बड़ी संख्या में उपकेन्द्र खोले गए तथा उपकेन्द्रों को क्रमोन्नत भी किया, लेकिन इनके भवनों के लिए बजट का प्रावधान ही नहीं किया गया। आज भी ये केन्द्र बिना भवनों के संचालित हो रहे हैं। वर्तमान में प्रदेश में 977 उपकेन्द्र ऐसे हैं, जहां पशुधन सहायक तथा भवन नहीं है। उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार द्वारा इस संबंध में उचित निर्णय लिया जाएगा।
इससे पहले विधायक पब्बाराम विश्नोई के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में पशुपालन मंत्री ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र फलोदी की 31 ग्राम पंचायतें पशु चिकित्सा संस्था विहीन हैं, जिनका ग्राम पंचायतवार विवरण उन्होंने सदन के पटल पर रखा। उन्होंने बताया कि नवीन पशु चिकित्सा संस्थायें आवश्यकता एवं वित्तीय संसाधनों की उपलब्धता अनुसार विभागीय मापदण्ड पूर्ण होने पर खोली जाती हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.