Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
जयपुर, (25 नवंबर 2025)। चित्तौड़गढ़ में राष्ट्रीय स्वदेशी महोत्सव का भव्य आयोजन अब 23 से 28 दिसम्बर तक किया जाएगा। पूर्व में लगातार हुई बारिश के कारण यह कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था। नई तिथियों की घोषणा करते हुए इसी दौरान राष्ट्रीय स्वदेशी महोत्सव का आधिकारिक पोस्टर का विमोचन सांसद सी.पी. जोशी, विधायक चंद्रभान सिंह आक्या द्वारा किया गया।
सांसद सी.पी.जोशी ने कहा कि यह महोत्सव सरकार के मार्गदर्शन और जिला प्रशासन के सहयोग से संभव हो पा रहा है। स्वदेशी उत्पाद, स्वदेशी संस्कृति, स्वदेशी अर्थव्यवस्था और स्वदेशी भाषा का जो अनूठा संगम यहां देखने को मिलेगा।
उन्होंने बताया कि इस महोत्सव से स्थानीय कारीगरों, लघु उद्योगों और स्वदेशी उत्पादों को राष्ट्रीय मंच मिलेगा वहीं महोत्सव में लगने वाला विशाल आयुर्वेद एवं पंचकर्म मेला प्रमुख आकर्षण रहेगा, जहां पारंपरिक भारतीय चिकित्सा पद्धतियों का प्रत्यक्ष अनुभव मिलेगा।
विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने कहा कि यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वदेशी सोच और आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना से प्रेरित है।
कलक्टर आलोक रंजन ने बताया कि यह महोत्सव न केवल जिले के सांस्कृतिक परिदृश्य को ऊर्जा प्रदान करेगा, बल्कि स्वदेशी उत्पादों एवं परंपराओं को राष्ट्रीय मंच भी उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि छह दिवसीय इस आयोजन में देशभर के कारीगर, कलाकार, स्वदेशी उद्यमी और आयुर्वेद विशेषज्ञ भाग लेंगे।
महोत्सव के माध्यम से चित्तौड़गढ़ आगामी दिनों में देशभर के कलाकारों, कारीगरों और पर्यटकों का केंद्र बनने जा रहा है। जिला प्रशासन ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, आवागमन, प्रदर्शनी क्षेत्र, सांस्कृतिक मंच के लिए विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं, ताकि आगंतुकों को सुगम और समृद्ध अनुभव मिल सके।