Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
बहरोड, (24 जून 2025)। जिले के बानसूर में इन दिनों बदमाशों के हौसले बुलंद है। यहां मंगलवार दोपहर कुछ बदमाशों ने फायरिंग कर युवक की हत्या कर दी और फरार हो गए। फायरिंग के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले की जांच शुरू कर दी ।
बानसूर थाना प्रभारी सुरेंद्र मलिक ने बताया कि मंगलवार दोपहर फोन के जरिए सूचना मिली थी कि कस्बे में एक युवक पर फायरिंग की गई है। पुलिस मौके पर पहुंची। वहां पता चला कि सुनील उर्फ टूल्ली (35) निवासी बालावास शराब का ठेकेदार है। वह बालावास में ही शराब की दुकान चलाता है। वह मंगलवार को अलवर बाईपास रोड पर टेलर की दुकान पर कपड़े लेने गया हुआ था ।
इस दौरान तीन बाइकों पर सवार होकर आए 6 बदमाशों ने सुनील पर फायरिंग कर दी। इससे सुनील गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर बानसूर से पुलिस उपाधीक्षक दशरथ सिंह और थाना प्रभारी सुरेन्द्र मलिक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल सुनील को एंबुलेंस से कोटपूतली के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। यहां सुनील की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है ।
वारदात का वीडियो वायरल:बदमाशों द्वारा शराब ठेकेदार पर फायरिंग करने का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें वे युवक को गोली मारकर भागते नजर आ रहे हैं। हत्या के कारणों को लेकर पुलिस जांच कर रही है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पुरानी रंजिश के कारण शराब ठेकेदार को गोली मारी गई है। हालांकि पुख्ता वजह पुलिस जांच में ही सामने आएगी ।