Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
कृष्ण गंज थाना व चौकी शिलापट्ट का लोकार्पण— विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने किया अनावरण
सनातन संस्कृति और ऐतिहासिक अस्मिता की ओर एक और सशक्त कदम
जयपुर, (10 फरवरी 2026)। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने अजमेर में पुलिस थाना व चौकी क्रिश्चियन गंज के परिवर्तित नाम कृष्णगंज के शिलापट्ट का मंगलवार को विधिवत लोकार्पण किया।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के प्रयासों से गृह विभाग द्वारा नाम परिवर्तन की अधिसूचना जारी किए जाने के पश्चात इसका शिलापट्ट स्थापित किया गया। यह कदम क्षेत्र की ऐतिहासिक पहचान को सनातन संस्कृति से जोड़ने तथा गुलामी की मानसिकता के प्रतीकों से मुक्ति दिलाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
देवनानी ने कहा कि शहर के इतिहास और संस्कृति से जुड़े गौरवशाली नामों को पुनः प्रतिष्ठित करना हमारा दायित्व है। इससे आने वाली पीढ़ियों को अपनी परंपराओं और मूल्यों से जुड़ने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि कृष्ण नाम भारतीय सनातन संस्कृति, नीति, प्रेम, कर्मयोग और राष्ट्र की आत्मा का प्रतीक है। इस नाम से क्षेत्र को एक नई पहचान और गौरव मिलेगा। इससे पूर्व फॉयसागर का नाम बदलकर वरुण सागर, किंग एडवर्ड मेमोरियल का नाम महर्षि दयानंद विश्रांति गृह, होटल खादिम का नाम होटल अजयमेरू तथा एलीवेटेड रोड का नामकरण रामसेतु किया जा चुका है।
उन्होंने जिला पुलिस से आग्रह किया कि आमजन में विश्वास एवं अपराधियों में भय के ध्येय वाक्य को चरितार्थ कर काम करें। उन्होंने कहा कि पेयजल के लिए तीन रिजर्वायर, स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय में सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक, गैस आधारित जीएसएस, लेपर्ड सफारी पार्क, आईटी पार्क, साइंस पार्क, मल्टीपर्पज स्टेडियम, कन्वेंशन सेंटर, गांधी भवन बहुमंजिला लाइब्रेरी, नगर वन, शिक्षण संस्थान से जुड़े कई कार्य अजमेर को विकास के पथ पर आगे बढ़ाएंगे।
कृष्णगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत शहर की लगभग 1 लाख 50 हजार आबादी को सुरक्षा प्रदान की जाती है तथा यह क्षेत्र कानून-व्यवस्था की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है।