Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

पशुपालन मंत्री ने किया बालोतरा जिले में कई विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास

नवसृजित पंचायतों के निर्माण से मिलेगी स्थानीय स्तर पर विकास को गति — जोराराम कुमावत

जयपुर, (10 फरवरी 2026)। पशुपालन व गोपालन मंत्री व बालोतरा जिला प्रभारी मंत्री जोराराम कुमावत ने मंगलवार को बालोतरा जिले में कई विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया।

उन्होंने भूमि पूजन कर नवसृजित ग्राम पंचायत जोराणियों की ढाणी के नवीन पंचायत भवन निर्माण का शिलान्यास किया । इस कार्यक्रम में कुमावत ने कहा कि ग्राम विकास की पहली सीढ़ी ग्राम पंचायत है। देश के विकास का रास्ता गांव से ही जाता है और गांव की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति का केंद्र ग्राम पंचायत है। इसी भावना से राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में विकास की गति तेज करते हुए नवीन ग्राम पंचायतों का गठन किया। अब इन नवसृजित पंचायतों के नए भवनों का शिलान्यास किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासनिक कार्यों को सुगम बनाना और स्थानीय सुशासन को मजबूत करना है। इन भवनों में कार्यालय, मीटिंग हॉल और अन्य आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।

कुमावत ने कहा कि ग्रामीणों को सुशासन, डिजिटल सेवा (ई-ग्राम), पेयजल और अन्य सभी बेहतर बुनियादी सुविधा देना हमारा लक्ष्य है। इस भवन में भी हर प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध होंगी व विभिन्न योजनाओं के आवेदन तैयार करने में ग्रामीणों की मदद का मैकेनिज्म उपलब्ध होगा ।

प्रभारी मंत्री ने बायतु विधानसभा क्षेत्र के ग्राम खोखसर में राजकीय स्वास्थ्य केंद्र के नवनिर्मित भवन का रिबन काटकर, पट्टिका से पर्दा हटाकर लोकार्पण किया। यहां प्रभारी मंत्री ने पौधारोपण भी किया। कार्यक्रम में श्री कुमावत ने कहा कि राज्य सरकार आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का यह नवीन भवन क्षेत्रवासियों को आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उनके निकट ही प्रदान करेगा जिससे उन्हें उपचार के लिए दूर के अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। प्रभारी मंत्री ने बायतु विधानसभा क्षेत्र के गांव केसुम्बला हरचंद में 33/11 केवी जीएसएस का भूमि पूजन व शिलान्यास किया। उन्होंने नवीन 33/11 केवी जीएसएस के शिलान्यास को किसानों और स्थानीय निवासियों के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इसके निर्माण से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सुदृढ़ और निर्बाध होगी, जिससे कृषि, उद्योग और घरेलू उपभोक्ताओं को स्थायी और गुणवत्तापूर्ण बिजली मिल सकेगी। यह क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति देगा।

कार्यक्रम में भरत मोदी, बालाराम चौधरी, भामाशाह गंगाराम थोरी एवं सम्पतराज थोरी सहित अनेक प्रबुद्धजन मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.