Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

रविवार को गर्मी का भारी प्रकोप , बरस रही है आग , चढ़ रहा है पारा

जयपुर (26 मई 2024)। राजस्थान में इन दिनों आसमान से आग बरस रही है। भीषण गर्मी से चार दिन में अब तक 24 लोग जान गंवा चुके हैं। रविवार को जैसलमेर से सटे भारत-पाक बॉर्डर पर तापमान 55.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि बीएसएफ द्वारा रिकॉर्ड किए गए इस तापमान पर मौसम विभाग ने कोई कमेंट करने से इनकार कर दिया है।
मौसम विभाग राजस्थान के डायरेक्टर राधेश्याम शर्मा ने बताया- सेना या बीएसएफ की तरफ से तापमान नापने का क्या स्टैंडर्ड अपनाया जाता है, उस पर हम कोई कमेंट नहीं कर सकते। हमारे यहां तापमान नापने का स्टैंडर्ड विश्व मौसम संगठन द्वारा बनाए गए अंतरराष्ट्रीय मापदंडों के अनुसार है। अंतर्राष्ट्रीय मापदंड के अनुसार तापमान हमेशा हवा का नापा जाता है।
इधर, नौतपा के दूसरे दिन प्रदेश के पाली, जोधपुर और चित्तौड़गढ़ में अचानक से मौसम बदला। यहां तेज हवाओं के साथ बारिश से गर्मी से हल्की राहत मिली।
गर्मी का असर जानवरों पर भी देखने को मिल रहा है। उदयपुर में तीन दिन में करीब 300 चमगादड़ों की मौत हो चुकी है।
मौसम विभाग ने आज और कल राज्य के 23 जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। 29-30 मई से तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। बावजूद इसके गर्मी तेज ही रहेगी।
बढ़ती गर्मी के साथ हीटवेव की चपेट में आ रहे मरीजों की संख्या भी बढ़ गई है। सरकारी रिकॉर्ड के मुताबिक, प्रदेश में इस सीजन में अब तक 2243 रोगी हीट स्ट्रोक के आ चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि इनमें से किसी भी मरीज की मौत नहीं हुई।
एसीएस शुभ्रा सिंह ने बताया- इस सीजन में प्रदेश के अलग-अलग अस्पतालों के इमरजेंसी वार्ड में 82 हजार से ज्यादा मरीज आए हैं, जिनमें से 2243 रोगी हीट स्ट्रोक के थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.