Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
झुंझुनू, (09 जनवरी 2024)। संभागीय आयुक्त डॉ. मोहनलाल यादव ने मंगलवार को जिले के पिलानी ब्लॉक के हमीनपुर में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा के शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अधिक से अधिक व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचे, यह हमारा प्रयास रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिकांश पात्र व्यक्ति जानकारी के अभाव में योजनाओं का लाभ नहीं उठा पाते। इसलिए शिविर की उपयोगिता को सार्थक करते हुए प्रत्येक व्यक्ति को योजनाओं की जानकारी लेनी चाहिए व अपने आस-पास के लोगों को जानकारी देते हुए उनका पंजीकरण करवाना चाहिए। प्रशासन और सरकार की मंशा है कि कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित न रहे। इस दौरान संभागीय आयुक्त डॉ. मोहनलाल यादव एवं जिला कलक्टर सुश्री चिनमयी गोपाल ने शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई स्टॉलों का निरीक्षण भी किया और अधिकारियों को अधिक से अधिक लोगों को पात्रता के अनुरूप लाभान्वित करने की बात कही। शिविर के दौरान लाभार्थियों को योजनाओं से संबंधित दस्तावेज तथा उत्कृष्ठ कार्य करने वाले लोगों का भी सम्मान किया गया। शिविर में मौजूद लोगों को भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने की शपथ भी दिलवाई गई। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर मुरारी लाल शर्मा सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।