Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

जिला कलेक्टर ने ली साप्ताहिक समीक्षा बैठक, लंबित प्रकरणों का शिविर के माध्यम से निस्तारण के निर्देश

जिला टास्क फोर्स राष्ट्रीय पोलियो कार्यक्रम की बैठक का हुआ आयोजन

खैरथल-तिजारा, (22 जून 2026)। जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सचिवालय सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला कलेक्टर ने लंबित प्रकरणों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए तथा जनहित से जुड़े मामलों में विशेष संवेदनशीलता के साथ कार्य करने पर जोर दिया।

बैठक में 90 दिनों से अधिक समय से लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए जिला कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से व्यक्तिगत चर्चा कर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।

उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों में विभागीय अधिकारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए तथा शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जाए।

पोलियो अभियान की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी एवं महिला एवं बाल विकास अधिकारी को विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र पर आवश्यक सहयोग स्थापित करते हुए अभियान को संचालित करने के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति एवं प्रत्येक पात्र बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाने के निर्देश प्रदान किए।

बैठक में जिला कलेक्टर ने कहा कि ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों का मुख्य उद्देश्य आमजन को उनकी समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान उपलब्ध कराना है। इस उद्देश्य की पूर्ति हेतु सभी विभागों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने विभाग से संबंधित लंबित प्रकरणों, आवेदनों, शिकायतों एवं जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करें। सभी विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी शिविरों में पूर्ण तैयारी के साथ उपस्थित रहकर लंबित मामलों की समीक्षा करें तथा पात्र प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण करें। जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव नहीं है, उन्हें निर्धारित समय-सीमा में निस्तारित करने हेतु आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ की जाए तथा आवेदक को प्रगति से अवगत कराया जाए।

बैठक में जिला कलेक्टर ने चिकित्सा विभाग को आयुष्मान कार्ड ई-केवाईसी, लाडो प्रोत्साहन योजना की लंबित किस्तों का भुगतान में ग्रामीण एवं शहरी शिविरों के माध्यम से तेजी लाने के निर्देश दिए गए। वहीं शिक्षा विभाग को पालनहार प्रमाणपत्र एवं जिला रसद अधिकारी को एनएफएसए मैपिंग एवं ई-केवाईसी से संबंधित लंबित प्रकरणों का निस्तारण एवं शिविरों के माध्यम से करने के निर्देश दिए गए ताकि ग्रामीणों को बार-बार मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।

उन्होंने समाज कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग सहित अन्य विभागों को भी अपने विभागों की लंबित पेंडेंसी शिविरों के माध्यम से निस्तारित करने तथा योजनाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर ही अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, उप अधीक्षक लालसिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट, कोषाधिकारी सुरेश कुमार बंसल, नगर परिषद आयुक्त मुकेश शर्मा, सहायक निदेशक आयुर्वेद विभाग अजीत बाल्याण, अधीक्षण अभियंता सार्वजनिक निर्माण विभाग ओमप्रकाश किराड़, अधीक्षण अभियंता जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग धर्मवीर यादव, जिला रसद अधिकारी राकेश सोनी, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.