Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

देवस्थान मंत्री ने साँवलिया सेठ मंदिर गौशाला में किया पौधारोपण व निरीक्षण

“वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान” के तहत किया जनजागरूकता का आह्वान

जयपुर, (12 जून 2025)। पशुपालन, गोपालन एवं देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने गुरूवार को चित्तोड़गढ़ जिले में सांवलिया सेठ मंदिर मंडल, मंडफिया स्थित गौशाला परिसर में पौधारोपण, टीकाकरण व स्वच्छता अभियान की शुरुआत की। उन्होंने गौशालाओं के संरक्षण और संवर्धन को सांस्कृतिक व धार्मिक जिम्मेदारी बताया तथा गौमाता की सेवा के लिए सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

कुमावत ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत सिंदूर के पौधे का रोपण कर पर्यावरण के प्रति जनसहभागिता बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और जल संचयन आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

इस अवसर पर उन्होंने “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान” को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया तथा कहा कि आमजन को जल की महत्ता समझनी होगी। उन्होंने पानी की हर बूंद को कीमती बताया तथा कहा कि खेत का पानी खेत में, घर का पानी घर में, गांव का पानी गांव में रहे, यही जल संरक्षण की दिशा है।

कार्यक्रम में कुमावत ने गाय को टीका लगाकर पशु स्वास्थ्य अभियान की भी शुरुआत की और जल सरोवर की साफ-सफाई कर पर्यावरण सुरक्षा का संदेश दिया।
कुमावत ने सुझाव दिया कि मंदिर मंडल द्वारा गौशाला में साँवलिया जी का एक छोटा मंदिर तथा गौमाता की बड़ी प्रतिमा स्थापित की जाए एवं साँवलिया जी परिसर में भी गौमाता की प्रतिमा लगाई जाए।

उन्होंने पूर्व विधायक बद्रीलाल जाट द्वारा एक लाख पौधे लगाने के संकल्प को सराहनीय बताते हुए कहा कि केवल पौधे लगाना नहीं, उनका पोषण और संरक्षण भी हमारी जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर जोराराम कुमावत एवं जिला कलक्टर आलोक रंजन ने साँवलिया सरोवर के सफाई अभियान की शरुआत की। उन्होंने सांवलिया सेठ के दर्शन कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इसके बाद श्री कुमावत ने वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान की प्रगति की समीक्षा बैठक ली।

कार्यक्रम की शुरुआत में पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक ने वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

Leave A Reply

Your email address will not be published.