Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

विधानसभा में शोकाभिव्यक्ति

जयपुर, (19 जनवरी 2024)। सोलहवीं राजस्थान विधानसभा के प्रथम सत्र में शुक्रवार को सदन ने विगत दिनों दिवंगत विशिष्टजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं को शांति और उनके परिजनों को इस बिछोह को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

      प्रारम्भ में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने शोक प्रस्ताव रखते हुए दिवंगत विशिष्टजनों पूर्व राज्यपाल स्व. नवरंग लाल टिबरेवाल, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष स्व. राम सिंह यादव, पूर्व राज्यमंत्री स्व. गुरमीत सिंह कुन्नर, पूर्व राज्यमंत्री स्व. शशी दत्त, पूर्व विधायक स्व. कैलाश चन्द भंसाली एवं स्व. डॉ. रामराय शर्मा द्वारा राजनीतिक, सामाजिक एवं अन्य क्षेत्रों में दी गई सराहनीय सेवाओं का उल्लेख किया।

      विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि नवरंग लाल टिबरेवाल का जन्म 17 जनवरी 1937 को झुंझुनूं में हुआ। उन्होंने बी.कॉम तथा एल.एल.बी. की उपाधियां प्राप्त की। वे 24 मई 1998 से 15 जनवरी, 1999 तक राजस्थान के कार्यवाहक राज्यपाल रहे। टिबरेवाल मार्च, 1998 में राजस्थान उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश भी नियुक्त हुए। उनका दिनांक 8 जनवरी, 2024 को निधन हो गया।

        देवनानी ने पूर्व सांसद राम सिंह यादव के राजनीतिक जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उनका जन्म 30 जुलाई, 1928 को अलवर जिले के कौशलपुर ग्राम में हुआ। उन्होंने एम.ए. तथा एल.एल.बी. की उपाधियां प्राप्त की। यादव पांचवीं राजस्थान विधानसभा में मुण्डावर से विधायक निर्वाचित हुए। वे मार्च, 1972 से अप्रेल, 1977 तक राजस्थान विधानसभा के उपाध्यक्ष भी रहे। वे सातवीं एवं आठवीं लोकसभा में अलवर निर्वाचन क्षेत्र से सांसद भी रहे। उनका 7 अगस्त, 2023 को निधन हो गया।

      विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि गुरमीत सिंह कुन्नर का जन्म 6 जून, 1948 को श्रीगंगानगर जिले के ग्राम चक 25 बी.बी. में हुआ। कुन्नर ग्यारहवीं, तेरहवीं तथा पन्द्रहवीं राजस्थान विधानसभा में करणपुर निर्वाचन क्षेत्र से विधायक चुने गए। कुन्नर फरवरी, 2009 से दिसम्बर, 2013 तक राज्य सरकार में कृषि विपणन, जल संसाधन, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी सहित अन्य विभागों के राज्यमंत्री रहे। उनका 15 नवम्बर, 2023 को निधन हो गया।

      प्रो. देवनानी ने शशी दत्त द्वारा राजनीति के क्षेत्र में दी गई सेवाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि उनका जन्म 8 फरवरी, 1957 को हरियाणा के रोहतक में हुआ। उन्होंने बी.ए. एवं एल.एल.बी. की उपाधियां प्राप्त की। वे दसवीं राजस्थान विधानसभा के लिए टिब्बी विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय विधायक निर्वाचित हुईं। वे दिसम्बर, 1993 से जनवरी, 1997 तक राजस्थान सरकार में विधि विभाग (स्वतंत्र प्रभार) एवं राजकीय उपक्रम विभाग की राज्यमंत्री भी रहीं। उनका 6 सितम्बर, 2023 को निधन हो गया।

      विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि कैलाश चन्द भंसाली का जन्म 18 फरवरी, 1941 को जोधपुर में हुआ। उन्होंने बी.कॉम., एल.एल.बी. तथा सी.ए. की उपाधियां प्राप्त की। भंसाली तेरहवीं तथा चौदहवीं राजस्थान विधानसभा में जोधपुर निर्वाचन क्षेत्र से विधायक रहे। उनका 16 नवम्बर, 2023 को निधन हो गया।

      प्रो. देवनानी ने कहा कि डॉ. रामराय शर्मा का जन्म 25 जुलाई, 1942 को दौसा जिले के भण्डाना ग्राम में हुआ। उन्होंने सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज से एम.बी.बी.एस. की उपाधि प्राप्त की। डॉ. शर्मा दसवीं राजस्थान विधानसभा में जमवारामगढ़ निर्वाचन क्षेत्र से विधायक रहे। उनका 23 दिसम्बर, 2023 को निधन हो गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.