Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
जोधपुर में राष्ट्रीय गीत वन्दे मातरम् के 150 वर्ष का स्मरणोत्सव
वन्दे मातरम् भारत के कण-कण, जन-जन को एक सूत्र में बांधने की भावना से ओत-प्रोत —अध्यक्ष, जीवजंतु कल्याण बोर्ड
जयपुर, (7 नवम्बर 2025)। जीवजंतु कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष जसवंत सिंह विश्नोई ने कहा कि हम सभी राष्ट्रीय चेतना के उस महान गीत वन्दे मातरम् के 150 वर्ष के स्मरणोत्सव के साक्षी बन रहे हैं। यह वह गीत है जिसने भारतीय आत्मा को स्वर दिया, विचारों को दिशा दी और राष्ट्र को एकता के सूत्र में पिरोया।
विश्नोई ने कहा कि वन्दे मातरम् केवल गीत नहीं, राष्ट्र की आत्मा की पुकार था। बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय की कलम ने वह चमत्कार किया, जो तलवारें भी नहीं कर सकीं। उन्होंने शब्दों में वह शक्ति भर दी, जिसने पराधीन भारत को आत्मसम्मान की ओर जगाया। जब उन्होंने आनंदमठ में यह गीत रचा, तब शायद उन्हें भी ज्ञात नहीं था कि यह गीत एक युग का घोष बन जाएगा।
इस अवसर पर सूरसागर विधायक देवेंद्र जोशी ने कहा कि वन्दे मातरम् में भारतीयों को एक सूत्र में बांधने की अलौकिक शक्ति है। जोशी ने कहा कि वन्दे मातरम् केवल इतिहास नहीं, हमारी सांस्कृतिक विरासत का जीवंत अंग है। उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार इस दिशा में जनजागृति के हर प्रयास को प्रोत्साहित करेगी।
कार्यक्रम में भारत माता के चित्र व विशाल तिरंगे के साथ राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं द्वारा वन्दे मातरम् का सामूहिक गायन प्रस्तुत किया गया, जिसने समूचे पंडाल को राष्ट्रप्रेम की भावना से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम से पूर्व मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर में अतिथियों एवं गणमान्यों ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में 29 चित्रों के माध्यम से वन्दे मातरम् के इतिहास, उसके सृजन और प्रभाव को दर्शाया गया। इसमें राष्ट्रनायकों और विचारकों के उद्धरणों ने इस गीत की अमरता को और गहराई दी।
इस दौरान नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुख्य उपस्थिति में तथा जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया गया।
इस अवसर पर जोधपुर संभागीय आयुक्त डॉ. प्रतिभा सिंह, जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल, पुलिस आयुक्त ओम प्रकाश, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा, जोधपुर विकास प्राधिकरण के आयुक्त उत्साह चौधरी, पुलिस विश्वविद्यालय की रजिस्ट्रार डॉ. शिल्पा सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षाविद्, विद्यार्थी, युवा एवं आमजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।