Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

तम्बाकू नियंत्रण को लेकर शहर से लेकर गांव तक किया जाएगा बेहतर कार्य : मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर

जयपुर,(03 सितंबर 2024)। राज्य स्तरीय बहु हितधारकों की तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम की दो दिवसीय कार्यशाला को संबोधित करते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने कहा कि युवा पीढ़ी को तम्बाकू सहित समस्त नशो से बचाने के लिए सामूहिक प्रयास करने की जरूरत है। राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम प्रकोष्ठ,राज तोफा व एसआरकेपीएस के संयुक्त तत्वाधान में निजी होटल ओम टावर में आयोजित कार्यशाला में मुख्य अतिथि बतौर अपने संबोधन में कहा कि राज्य में तम्बाकू नियंत्रण के लिए बेहतर कार्य किया जा रहा हैं लेकिन आमजन को तम्बाकू जनित उत्पाद से होने वाली बीमारियों के बारे में जानकारी देने हेतु गांव से लेकर बड़े शहरों तक कार्य करने की जरूरत है। स्वास्थ्य मंत्री खींवसर ने कहा कि स्वैच्छिक संगठनों के प्रतिनिधि गांव स्तर तक जन जागरूकता में विशेष भूमिका निभा सकते है। पंचायती राज मंत्री ग्रामीण विकास राज्य मंत्री ओटाराम देवासी ने भी कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि तम्बाकू उत्पाद नशे की प्रथम सीढ़ी है। नशे को रोकने के लिए जनप्रतिनिधियों,शिक्षकों व समाज के सक्रिय लोगों को युवा पीढ़ी के साथ संवाद करना चाहिए। देवासी ने कहा कि तम्बाकू मुक्त गांव, पंचायत, तम्बाकू मुक्त पीढ़ी व तम्बाकू का खात्मा चरणबद्ध तरीके से कार्य योजना बना कर करना चाहिए। इस अवसर पर पंचायती राज सचिव रवि जैन ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत व गांवों को तम्बाकू मुक्त बनाने के लिए पंचायती राज विभाग कार्य कर रहा है व भारत में नए कीर्तिमान बनाने हेतु तम्बाकू मुक्त ग्राम पंचायत बनाने का कार्य किया जाऐगा। वाइटल स्ट्रैटेजी के डॉ.जेएस राणा ने अपने प्रस्तुतिकरण में तम्बाकू के दुष्प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला। एसएमएस के पूर्व अधीक्षक डॉ.वीरेन्द्र सिंह मील, डॉ.राकेश गुप्ता, डॉ.रमेश गांधी, धर्मवीर कटेवा,नरेंद्र सिंह , प्रतिभा सिंह व ज्योति चौधरी सहित अनेक विषय विशेषज्ञों ने तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम को प्रभावी बनाने हेतु विचार व्यक्त किऐं। कार्यशाला के प्रारम्भ के एनटीसीपी के राज्य नोडल अधिकारी डॉ.एसएन धौलपुरिया ने कार्यशाला के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए राज्य में तम्बाकू नियंत्रण को लेकर किए जा रहे कार्यो से अवगत करवाया। कार्यशाला के अंत में एसआरकेपीएस के राजन चौधरी ने सभी का आभार व्यक्त किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.