Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

नोहर में मापदण्डों के अनुसार पर्याप्त चिकित्सा केन्द्र संचालित – चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री

जयपुर, (30 जुलाई 2024)। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह ने मंगलवार को विधानसभा में कहा कि नोहर विधानसभा क्षेत्र में मापदण्डों के अनुसार पर्याप्त चिकित्सा केन्द्र संचालित हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि आवश्यकता होने पर टीम द्वारा सर्वे कर चिकित्सा केन्द्रों को क्रमोन्नत करने या नवीन केन्द्र खोलने के बारे में विचार किया जाएगा।

सिंह ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में नोहर विधानसभा क्षेत्र में एक उप जिला चिकित्सालय, 3 सामुदायिक चिकित्सा केन्द्र, 13 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र तथा 71 उप स्वास्थ्य केन्द्र संचालित हैं।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री प्रश्नकाल के दौरान सदस्यों द्वारा इस संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने बताया कि नोहर के उप जिला चिकित्‍सालय में शय्याओँ की उपयोगिता दर कम होने के कारण वर्तमान में शय्याओं में वृद्धि किया जाना विचाराधीन नहीं है। उन्होंने जानकारी दी कि मानदण्‍डानुसार पंचायत समिति नोहर में 9 प्राथमिक स्‍वास्‍थ्‍य केन्‍द्रों की आवश्‍यकता के विरूद् 11 प्राथमिक स्‍वास्‍थ्‍य केन्‍द्र तथा 2 सामुदायिक स्‍वास्‍थ्‍य केन्‍द्रों की आवश्‍यकता के विरूद् 4 सामुदायिक स्‍वास्‍थ्‍य केन्‍द्र स्‍वीकृत हैं।

इससे पहले विधायक अमित चाचाण के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हनुमानगढ जिले के नोहर कस्बे में वर्तमान में 100 शैय्याओं युक्‍त उप जिला चिकित्‍सालय स्‍वीकृत है। स्‍वीकृत शैय्याओं की वर्ष 2023 में शैय्याओं की उपयोगिता दर (बीओआर) 78.71 प्रतिशत ही रही है। जिसके कारण उप जिला चिकित्‍सालय नोहर की शैय्याओं में 100 से 150 की वृद्धि किया जाना वर्तमान में विचाराधीन नहीं है।

उन्होंने बताया कि कस्‍बा पल्‍लू जिला हनुमानगढ में वर्तमान में 30 शैय्याओं युक्‍त सामुदायिक स्‍वास्‍थ्‍य केन्‍द्र स्‍वीकृत है। स्‍वीकृत शैय्याओं की वर्ष 2023 में उपयोगिता दर (बीओआर) 22.77 प्रतिशत ही रही है। इसलिए सामुदायिक स्‍वास्‍थ्‍य केन्‍द्र पल्‍लू की शैय्याओं में 30 से 50 की वृद्धि किया जाना वर्तमान में विचाराधीन नहीं है।

सिंह ने बताया कि ग्राम मालासर, जबरासर, थालडका एवं दलपतपुरा, पंचायत समिति नोहर, जिला हनुमानगढ में वर्तमान में उप स्‍वास्‍थ्‍य केन्‍द्र स्‍वीकृत है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा ग्रामीण जनसंख्‍या आधारित निर्धारित मानदण्‍डानुसार सामान्‍य क्षेत्र में 30 हजार एवं जनजाति/रेगिस्‍तानी क्षेत्रों में 20 हजार की ग्रामीण जनसंख्‍या पर 1 प्राथमिक स्‍वास्‍थ्‍य केन्‍द्र खोले जाने का प्रावधान है।

उन्होंने जानकारी दी कि वर्ष 2011 की अनुमानित ग्रामीण जनसंख्‍या आधारित निर्धारित मानदण्‍डानुसार पंचायत समिति नोहर में 9 प्राथमिक स्‍वास्‍थ्‍य केन्‍द्रों की आवश्‍यकता के विरूद् 11 प्राथमिक स्‍वास्‍थ्‍य केन्‍द्र स्‍वीकृत हैं। उप स्‍वास्‍थ्‍य केन्‍द्र मालासर, जबरासर, थालडका एवं दलपतपुरा को प्राथमिक स्‍वास्‍थ्‍य केन्‍द्र में क्रमोन्‍नत किया जाना वर्तमान में विचाराधीन नहीं है। उन्होंने बताया कि ग्राम खुईयां, मन्‍दरपुरा एवं धानसिया पंचायत समिति नोहर जिला हनुमानगढ में वर्तमान में प्राथमिक स्‍वास्‍थ्‍य केन्‍द्र स्‍वीकृत हैं।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि केन्द्र सरकार द्वारा ग्रामीण जनसंख्‍या आधारित निर्धारित मानदण्‍डानुसार 1 लाख की ग्रामीण जनसंख्‍या पर 1 सामुदायिक स्‍वास्‍थ्‍य केन्‍द्र खोले जाने का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2011 की अनुमानित ग्रामीण जनसंख्‍या आधारित निर्धारित मानदण्‍डानुसार पंचायत समिति नोहर में 2 सामुदायिक स्‍वास्‍थ्‍य केन्‍द्रों की आवश्‍यकता के विरूद् 4 सामुदायिक स्‍वास्‍थ्‍य केन्‍द्र स्‍वीकृत हैं। इसलिए प्राथमिक स्‍वास्‍थ्‍य केन्‍द्र खुईयां, मन्‍दरपुरा एवं धानसिया को सामुदायिक स्‍वास्‍थ्‍य केन्‍द्र में क्रमोन्‍नत किया जाना वर्तमान में विचाराधीन नहीं है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.