Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
राज्य सरकार की जहाजपुर क्षेत्र को भव्य सौगात
ऊर्जा मंत्री ने भीलवाड़ा जिले के गुढ़ा में नवनिर्मित 33/11 केवी जीएसएस का किया लोकार्पण, रेडवास–कोटड़ी जीएसएस का हुआ शिलान्यास
जयपुर, (07 फरवरी 2026)। राज्य सरकार की ग्रामीण विद्युत सुदृढ़ीकरण नीति के अंतर्गत शनिवार को भीलवाड़ा जिले के जहाजपुर क्षेत्र में विद्युत अवसंरचना को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।
ऊर्जा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), हीरालाल नागर द्वारा ग्राम पंचायत गुढ़ा एवं रेडवास में विद्युत क्षेत्र से जुड़े अहम विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम के दौरान लगभग 1.89 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित 33/11 केवी जीएसएस गुढ़ा का विधिवत लोकार्पण किया गया, वहीं क्षेत्र की भविष्य की विद्युत आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए 2.29 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 33/11 केवी जीएसएस रेडवास–कोटड़ी का शिलान्यास भी किया गया।
नागर ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूत, विश्वसनीय एवं आधुनिक विद्युत अवसंरचना विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का उद्देश्य है कि प्रत्येक गांव तक 24 घंटे निर्बाध बिजली पहुंचाकर विकास की गति को और तेज किया जाए।
उन्होंने बताया कि 33/11 केवी जीएसएस गुढ़ा के चालू होने से गुढ़ा क्षेत्र को 24 घंटे थ्री-फेस विद्युत आपूर्ति उपलब्ध हो सकेगी। इसके साथ ही आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों जैसे रोजड़ी, फतेहपुर, बागवासा, पचानपुरा, देवपुरा, तरनिया खेड़ा, रामगढ़ आदि में भी निर्बाध एवं स्थिर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी। इस जीएसएस के संचालन से क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होगा तथा घरेलू, कृषि एवं अन्य उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा। इससे वोल्टेज की समस्या, बार-बार ट्रिपिंग एवं अनावश्यक कटौती से ग्रामीणों को राहत मिलेगी।
उनहोंने बताया कि 33/11 केवी जीएसएस रेडवास–कोटड़ी के निर्माण से क्षेत्र की बढ़ती विद्युत मांग को प्रभावी रूप से पूरा किया जा सकेगा। इसके पूर्ण होने पर रेडवास को 24 घंटे थ्री-फेस विद्युत आपूर्ति उपलब्ध होगी। इसके अतिरिक्त रघुनाथपुरा, साबला जी का खेड़ा, गोठड़ा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।
जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा ने कहा कि गुढ़ा जीएसएस का लोकार्पण एवं रेडवास–कोटड़ी जीएसएस का शिलान्यास क्षेत्र के लिए सौगात है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से क्षेत्रवासियों की बेहतर बिजली व्यवस्था की मांग थी, जिसे आज पूरा किया गया है। विधायक मीणा ने मुख्यमंत्री एवं राज्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों के कारण विकास कार्य गांव-गांव तक पहुंच रहे हैं।जनप्रतिनिधि प्रशांत मेवाड़ा ने भी अपने विचार प्रकट किए।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने अतिथियों का स्वागत करते हुए क्षेत्र को मिली इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। ग्रामीणों ने भी विद्युत आपूर्ति में होने वाले सुधार को लेकर प्रसन्नता व्यक्त की।