Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

शुद्ध आहार–मिलावट पर वार अभियान संस्कार स्वीट कैटर्स,जयपुर पर कार्रवाई

83 किलो एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री नष्ट कराई, घेवर का नमूना लिया

जयपुर, (15 अगस्त 2026)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के निर्देशन में प्रदेशभर में संचालित “शुद्ध आहार–मिलावट पर वार” अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।

आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देशन तथा अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह एवं संयुक्त आयुक्त डॉ. विजय प्रकाश शर्मा के सुपरवीजन में जयपुर मुख्यालय की सेंट्रल टीम के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने शनिवार को संस्कार स्वीट कैटर्स, रामपुरा रोड, सांगानेर, जयपुर का निरीक्षण किया।

कार्रवाई के दौरान टीम ने घेवर का एक नमूना खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत लिया। नमूने को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में पाई गई लगभग 83 किलोग्राम एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री, जिसमें मिल्क केक, पाव ब्रेड, खट्टा पनीर, डोडा बर्फी, टोस्ट एवं काला नमक शामिल था, को मौके पर ही नष्ट करवाया गया।

इसके अतिरिक्त प्रतिष्ठान में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई तथा तैयार खाद्य सामग्री का रखरखाव भी अनहाइजीनिक स्थिति में पाया गया। मौके पर पाई गई अन्य कमियों के संबंध में प्रतिष्ठान को अलग से इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया जाएगा।

आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण डॉ. टी. शुभमंगला ने कहा कि प्रदेश में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.