Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

नाबार्ड के मुख्य महाप्रबंधक डॉ. आर. रवि बाबु ने बीआईटीएस पिलानी में क्लाइमेट चेंज फंड परियोजना की समीक्षा की

झुंझुनूं, (28 जून 2026)। राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड), राजस्थान क्षेत्रीय कार्यालय, जयपुर के मुख्य महाप्रबंधक (सीजीएम) डॉ. आर. रवि बाबु ने शुक्रवार को झुंझुनूं जिले के दौरे के दौरान बीआईटीएस पिलानी का भ्रमण कर नाबार्ड के क्लाइमेट चेंज फंड (सीसीएफ) के अंतर्गत संचालित एक महत्वपूर्ण परियोजना की त्रैमासिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।

समीक्षा बैठक में स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौधों एवं फसल अवशेषों से फोडर पेलेट (पशु चारा पेलेट) विकसित करने की परियोजना की प्रगति का विस्तृत मूल्यांकन किया गया। इस परियोजना का उद्देश्य कृषि अपशिष्ट का वैज्ञानिक एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करते हुए किसानों की आय में वृद्धि करना तथा जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने में योगदान देना है।

बैठक के दौरान परियोजना प्रभारी डॉ. सुशील यादव एवं उनकी टीम ने फोडर पेलेट निर्माण की प्रक्रिया, विभिन्न तकनीकी परीक्षणों, अब तक की उपलब्धियों तथा आगामी कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। परियोजना के तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

डॉ. आर. रवि बाबु ने परियोजना टीम के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल कृषि अवशेष प्रबंधन और जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने पेलेट की शेल्फ लाइफ बढ़ाने तथा उत्पादन प्रक्रिया को और अधिक पर्यावरण-अनुकूल बनाने के लिए अनुसंधान पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि परियोजना का सफल फार्मूलेशन विकसित होने के बाद किसानों एवं ग्रामीण उद्यमियों को इस तकनीक का प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए, ताकि वे इसे अपनाकर स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त कर सकें और उनकी आय में स्थायी वृद्धि सुनिश्चित हो सके।

मुख्य महाप्रबंधक ने विश्वास व्यक्त किया कि यह परियोजना राज्य में टिकाऊ कृषि एवं पशुपालन को बढ़ावा देने के साथ-साथ कृषि अपशिष्ट के बेहतर प्रबंधन का प्रभावी मॉडल बनेगी और किसानों के लिए नए आर्थिक अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.