Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत आज विभिन्न गतिविधियो का होगा आयोजन
मलसीसर डैम पर होगा जिला स्तरीय कार्यक्रम
झुंझुनूं, (1 जून 2026)। राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले में चल रहे “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026” के अंतर्गत मंगलवार को जिलेभर में जल संरक्षण एवं संवर्धन से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम मलसीसर डैम (आरडब्ल्यूआर) पर प्रातः 11 बजे आयोजित होगा।
जिला कलेक्टर डॉ अरुण गर्ग ने बताया कि अभियान का उद्देश्य जल स्रोतों के संरक्षण, जल बचत के प्रति जनजागरूकता तथा जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।
अभियान के तहत नदियों, वृहत एवं मध्यम बांधों, सरोवरों और नहरों पर पूजन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही नहरों एवं खालों की जल उपयोगिता संगमों तथा कृषकों के सहयोग से साफ-सफाई एवं गाद निकासी (डी-सिल्टिंग) कार्य किए जाएंगे। जल उपयोगिता संगमों द्वारा विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
जल संसाधन विभाग की ओर से “जल शक्ति अभियान – कैच द रेन” तथा “जल संचय जन भागीदारी” कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। साथ ही नवीन कार्यों का शिलान्यास, भूमि पूजन तथा पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण एवं अवलोकन भी किया जाएगा।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा रूफटॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम (RTWHS) निर्माण के संबंध में तकनीकी जानकारी प्रदान की जाएगी। इसके अलावा जल बचत हेतु जनजागरूकता कार्यक्रम एवं जल परीक्षण अभियान भी संचालित किए जाएंगे।
वहीं भू-जल विभाग द्वारा “कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान” के तहत विभिन्न कार्यों का अवलोकन, लोकार्पण तथा नवीन कार्यों की स्वीकृति संबंधी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।