Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
विशेष निरोधात्मक अभियान जोधपुर में ट्रक से 675 कार्टन अंग्रेजी शराब पकड़ी
प्रदेश में 3 लाख 74 हजार 877 लीटर वाॅश नष्ट, कार्रवाई जारी
जयपुर, (14 मई 2026)। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशानुसार प्रदेश में अवैध मदिरा निर्माण, भण्डारण, परिवहन एवं विक्रय पर रोकथाम के लिए जारी विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत नाकाबंदी, गश्त, रेड की प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में अवैध मदिरा जब्त करते हुए वाॅश नंष्ट कर अभियोग दर्ज किए गए।
1294 अभियोग दर्ज, 537 हुए गिरफ्तार
आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में प्रदेश में विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत 1 से 13 मई 2026 तक विभिन्न कार्रवाई के तहत 1294 अभियोग दर्ज किए गए है। प्रदेष में देशी मदिरा 12 लाख 78 हजार 821 रूपए लागत की 4800 लीटर, भारत निर्मित विदेशी मदिरा एक करोड़ 98 लाख 96 हजार 914 रूपए की 19801 लीटर, बीयर 3 लाख 79 हजार 240 रूपए की 1678 लीटर, स्प्रिट 20 लीटर एवं हथकड़ शराब 9191 लीटर जब्त की गई है। इसी क्रम में वाॅश 3 लाख 74 हजार 877 लीटर नष्ट किया गया है। प्रदेश में अभियान के दौरान बड़े वाहन 11, हल्के चार पहिया 3 एवं दुपहिया वाहन 41 सहित 55 वाहन जब्त करते हुए 537 व्यक्तियों का गिरफ्तार किया गया है।
प्रदेश में अवैध मदिरा पर कार्रवाई
जोधपुर के औसियां में अनुमानित 58 लाख की अंग्रेजी शराब पकड़ी
आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में अवैध शराब के विरूद्ध अभियान के तहत बुधवार रात्रि जोधपुर एवं पाली की संयुक्त कार्रवाई में मुखबिर की सूचना पर भारतमाला एक्सप्रेस—वे जोधपुर के औसियां में एक 12 चक्का ट्रक की तलाशी लेने पर 675 पेटी विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब फोर सेल इन चंडीगढ़ बरामद की गई। बरामद मदिरा की अनुमानित कीमत 58 लाख रूपए है। मौके से ट्रक चालक सहित 2 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई जारी है। इस विशेष कार्रवाई में जोधपुर के साथ जिला आबकारी अधिकारी पाली मनोज बिस्सा सहित मनोज ढाका, महेश शर्मा एवं आबकारी टीम जोधपुर की अहम भूमिका रही।
इसी क्रम में प्रदेश के बांसवाड़ा जिले में संवेदनशील क्षेत्र भापोर, सिंहपुर एवं कुशलगढ़ में आबकारी निरोधक दल ने दबिश देकर 3 हजार लीटर वाॅश सहित 2 भट्टियां नष्ट करते हुए मौके से 108 लीटर अवैध हथकड़ शराब भी बरामद की। कार्रवाई में 6 अभियोग दर्ज किए। जयपुर में ईपीएफ थाना क्षेत्र चाकसू, चौमू के ग्राम सीतापुरा, बगड़गिया, ढूंढ नदी, त्रिलोकपुरा, दांतली एवं हसतेड़ा में दबिश देकर 200 लीटर वाॅश एवं शराब बनाने के उपकरण नष्ट किए। कार्रवाई में 23 लीटर हथकड़ शराब जब्त की और पूर्व में फरार 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। धौलपुर में एक मोटरसाईकल सहित बीयर की 3 बोतल, बीयर केन 21 एवं देशी शराब के 23 पव्वे जब्त कर अभियोग दर्ज किया। डूंगरपुर में ईको कार से 12 कार्टन 72 बोतल किंगफिशर बीयर, राॅयल चेलेन्ज व्हीस्की के 6 पव्वे बरामद अभियुक्त को मौके से गिरफ्तार किया। सागवाड़ा के मेडीटेंबा कडाना डेम बैकवाटर क्षेत्र में बुझावाड़ा टापू पर कार्रवाई कर 3500 लीटर वाॅश नष्ट किया और 60 लीटर अवैध हथकड़ शराब जब्त की। चित्तौड़गढ़ में संवेदनशील कंजर बस्ती, पिपलिया में दबिश की कार्रवाई में 3 हजार लीटर वाॅश सहित 8 पुरानी भट्टियां नष्ट की गई। अलवर के रामगढ़ आबकारी थाना क्षेत्र में कार्रवाई के तहत 5 हजार लीटर वाॅश एवं 6 भट्टियां नष्ट करते हुए 130 लीटर हथकड़ शराब सहित 20 लीटर स्प्रिट जब्त किया। कार्रवाई में मौके से 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
प्रदेश के समस्त जिलों में भी विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत नाकाबंदी, दबिश व सघन गश्त की जा रही है। प्रदेश में समस्त अतिरिक्त आबकारी आयुक्त जोन, आबकारी उपायुक्त, जिला आबकारी अधिकारी, आबकारी निरीक्षक एवं आबकारी निरोधक दल द्वारा अवैध मदिरा के विरूद्ध जीरो टोलरेंस की नीति के तहत कार्यवाही की जा रही है।