Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
झुंझुनूं, (15 मार्च 2026)। जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति को लेकर आमजन को घबराने की आवश्यकता नहीं है। जिला प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है।
जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि एलपीजी गैस की आपूर्ति पर्याप्त है, इसलिए किसी भी प्रकार की अफवाहों या पैनिक की स्थिति में आने की जरूरत नहीं है। प्रशासन द्वारा गैस आपूर्ति व्यवस्था की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिला रसद अधिकारी डॉ. निकिता राठौड़ ने बताया कि एलपीजी गैस आपूर्ति से संबंधित किसी भी समस्या, शिकायत या जानकारी के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। आमजन कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 01592-232237 पर संपर्क कर अपनी समस्या दर्ज करवा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि कंट्रोल रूम के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाएगा तथा संबंधित एजेंसियों से समन्वय कर उपभोक्ताओं को राहत प्रदान की जाएगी। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे संयम बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।