Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

एलपीजी गैस सिलेण्डरों की पर्याप्त उपलब्धता एवं निर्बाध आपूर्ति के लिए जिला प्रशासन सख्त

घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की निर्बाध आपूर्ति के लिए अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

 झुंझुनूं, (13 मार्च 2026)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशानुसार जिले में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता एवं निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन सक्रिय है। इसी क्रम में शुक्रवार को कलेक्टर कार्यालय में जयपुर संभागीय आयुक्त पूनम की अध्यक्षता में संबंधित अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में संभागीय आयुक्त ने ऑयल कंपनी व रसद विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि गैस सिलेंडरों की आपूर्ति केवल ऑनलाइन बुकिंग के आधार पर ही घर-घर डिलीवरी के माध्यम से की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गोदामों से सीधे एलपीजी गैस का वितरण नहीं किया जाए । अवैध रिफिलिंग जैसी गतिविधियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने अधिकारियों को एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति और वितरण की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश देते हुए कहा कि घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति ओटीपी आधारित डिजिटल बुकिंग एवं डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड के माध्यम से ही की जाए तथा केवल वैध पंजीकृत उपभोक्ताओं को ही गैस उपलब्ध कराई जाए।

बैठक में ऑयल कंपनियों के क्षेत्रीय अधिकारियों को जिला सतर्कता यूनिट के साथ समन्वय बनाए रखने तथा सभी गैस एजेंसियों पर बुकिंग, उपलब्ध स्टॉक, बैकलॉग और आपूर्ति तिथि संबंधी जानकारी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक दुरुपयोग को रोकने के लिए एजेंसियों को सख्त हिदायत दी गई।

जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने आमजन से अपील की कि आवश्यक होने पर ही गैस सिलेंडर की बुकिंग करवाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या पैनिक से बचें। उन्होंने बताया कि जिले में एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने और अवैध भंडारण, दुरुपयोग तथा कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए जिला सतर्कता यूनिट और विशेष प्रवर्तन दल का गठन किया गया है। यह दल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति में कमी, अवैध संग्रहण और अधिक कीमत पर बिक्री जैसी गतिविधियों पर नजर रखेगा।

बैठक में जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग, पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय, अतिरिक्त जिला कलेक्टर अजय कुमार आर्य, मुख्य कार्यकारी अधिकारी कैलाश चंद्र यादव, झुंझुनूं एसडीएम कौशल्या बिश्नोई, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन की सेल्स अधिकारी अंशु झाझड़िया, जिला रसद अधिकारी डॉ. निकिता राठौड़ सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.