Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम–2026, राजस्थान के 13,500 से अधिक बूथों पर 100% कार्य पूरा

6 दिन शेष रहते लगभग 90 प्रतिशत गणना प्रपत्र डिजिटाइज

जयपुर, (28 नवंबर 2025)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशन में देशभर के 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 4 नवंबर से 4 दिसंबर 2025 तक चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 (एसआईआर) कार्य में राजस्थान ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उल्लेखनीय सफलता अर्जित की है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन के नेतृत्व में प्रदेश में अब तक लगभग 84 प्रतिशत मैपिंग का कार्य हो चुका है, इस प्रकार प्रदेश के 84 प्रतिशत मतदाताओं को अब किसी भी प्रकार के दस्तावेज प्रस्तुत करने की आवश्यकता नहीं रहेगी। प्रदेश में 6 दिन शेष रहते लगभग 90 प्रतिशत गणना प्रपत्र ईसीआई-नेट पर अपलोड किए जा चुके हैं। यह उपलब्धि तकनीकी दक्षता, टीमवर्क और जिला स्तर तक सतत मॉनिटरिंग का परिणाम है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि हमारे बूथ लेवल अधिकारियों की मेहनत का ही परिणाम है कि अब तक प्रदेश के 13,500 से ज्यादा बूथों पर बीएलओ द्वारा 100% कार्य पूरा कर लिया गया है। महाजन ने बताया कि पोलिंग बूथ पर 100 प्रतिशत कार्य पूरा करने में बाड़मेर जिला अव्वल है। बाड़मेर में अब तक कुल 972 पोलिंग स्टेशनों पर शत प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है। साथ ही, बालोतरा के 555 और चूरू के 454 पोलिंग स्टेशनों पर 100 फीसदी कार्य पूरा किया जा चुका है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि बाड़ी एवं बायतू विधानसभा क्षेत्र में 99 प्रतिशत से ज्यादा गणना प्रपत्र डिजिटाइज हो चुके हैं। बाड़मेर, गुढामलानी एवं भीनमाल विधासनभा क्षेत्र में 98 प्रतिशत से अधिक गणना प्रपत्र डिजिटाइज हो चुके हैं।

अंता विधानसभा क्षेत्र में 2 दिसंबर 2025 से 12 मार्च 2026 तक एसआईआर की प्रक्रिया
महाजन ने बताया भारत निर्वाचन आयोग ने अंता विधानसभा क्षेत्र के लिए एसआईआर कार्यक्रम जारी किया है। यहां उपचुनाव की वजह से एसआईआर कार्यक्रम अब घोषित किया गया है। यह 2 दिसंबर 2025 से 12 मार्च 2026 तक चलेगा। 2 दिसंबर से 7 दिसंबर 2025 तक प्रशिक्षण एवं गणना प्रपत्र के मुद्रण का कार्य होगा। 8 दिसंबर से 6 जनवरी 2026 तक घर-घर गणना प्रपत्र के वितरण एवं संग्रहण का कार्य होगा। 12 जनवरी 2026 को मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशित किया जाएगा। 12 जनवरी 2026 से 11 फरवरी 2026 तक दावे एवं आपत्तियां ली जाएगी। 12 जनवरी से 5 मार्च 2026 तक नोटिस फेज रहेगा जिसमें सुनवाई एवं सत्यापन किया जाएगा। 12 मार्च 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.