Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

पशुपालन मंत्री ने जैसलमेर जिले में कर्रा रोग के फैलाव को रोकने के लिए अधिकारियों की देर रात आकस्मिक बैठक ली

जयपुर, (23 मार्च 2025)। पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत ने जैसलमेर जिले में कर्रा रोग के फैलाव को रोकने के लिए विभाग के अधिकारियों की देर रात बैठक ली। पिछले दिनों इस रोग से जैसलमेर जिले में कुल 36 तथा फलौदी क्षेत्र में दो पशुओं की हुई मृत्यु को गंभीरता से लेते हुए पशुपालन मंत्री ने यह आकस्मिक बैठक बुलाई और अधिकारियों को भविष्य में सावधानी बरतते हुए रोग को रोकने के लिए पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए। बैठक में पशुपालन निदेशक डॉ आनंद सेजरा सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

कुमावत ने जैसलमेर, बाड़मेर, बालोतरा और फलौदी जिलों के जिला कलेक्टर्स से भी बात की और जिले में स्टाफ, दवाइयां और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए इन्हें चाक चौबंद करने के निर्देश दिए जिससे स्थिति को बिगड़ने से पहले ही काबू में किया जा सके। उन्होंने रोग से मृत पशुओं के त्वरित एवं वैज्ञानिक रूप से उचित निस्तारण की भी व्यवस्था करने के निर्देश अधिकारियों को दिए जिससे दूसरे पशुओं में संक्रमण न फैल सके। उन्होंने इस बीमारी के फैलाव को रोकने के लिए अधिक से अधिक प्रचार प्रसार पर भी जोर दिया और कहा कि प्रभावित जिलों के सभी पशु चिकित्सा संस्थानों के कार्मिक अपने अपने क्षेत्र के पशुपालकों को इस बारे में जागरूक करते रहें जिससे रोग की स्थिति आने पर उनके पशुओं को सही समय पर उचित इलाज मिल सके और पशुधन की हानि को रोका जा सके।

पशुपालन मंत्री ने विभाग के अधिकारियों से जिलों में मिनरल मिक्सर और औषधियों की उपलब्धता पर चर्चा करते हुए उन्हें निर्देश दिया कि दवाइयों की कमी की वजह से कोई समस्या नहीं आने पाए इस बात का अधिकारीगण विशेष ध्यान रखें और समय समय पर इसकी समीक्षा करते रहें।

उललेखनीय है कि यह बीमारी मुख्य रूप से पशुओं में हरे चारे तथा कैल्सियम एवं फास्फोरस की कमी के कारण होती है। इसके कारण पशु मृत पशुओं की हड्डियों को खाने लगते हैं और इससे मृत पशुओं की हड्डियों से बोचुलिजम रोग के कीटाणु इन पशुओं में आ जाते हैं और रोग के फैलाव की स्थिति उत्पन्न होती है। कुमावत ने पशुपालकों को भी सुझाव दिया कि वे अपने पशुओं को कैल्सियम और फॉस्फोरस युक्त आहार खिलाएं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.