Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

कोटा के मथुराधीश जी मंदिर में लगभग 67 करोड़ रुपये के विकास कार्य होंगे – नगरीय विकास एवं आवासन राज्य मंत्री

जयपुर, (21 मार्च 2025)। नगरीय विकास एवं आवासन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) झाबर सिंह खर्रा ने शुक्रवार को विधानसभा में कहा कि कोटा के मथुराधीश जी मन्दिर कॉरिडोर विकास कार्य में बजट आवंटन के बाद, निविदा आमंत्रित की जाएगी। मन्दिर कॉरिडोर विकास कार्य पूर्ण होने में लगभग दो वर्ष का समय लगेगा। उन्होंने कहा कि कोटा विकास प्राधिकरण द्वारा भगवान मथुराधीश जी मन्दिर कॉरिडोर विकास एवं हरिटेज विकास कार्य के लिये कोटा के जनप्रतिनिधियों से विस्तृत चर्चा के बाद लगभग 66.57 करोड़ रुपये लागत की डी.पी.आर. तैयार की गई है।
नगरीय विकास एवं आवासन राज्य मंत्री प्रश्नकाल के दौरान सदस्य द्वारा इस संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने बताया कि मन्दिर कॉरिडोर विकास कार्य में 15 मकान, 2 धर्मशालाएं, संस्कृत स्कूल व 50 दुकानों का अधिग्रहण किया जाना प्रस्तावित है। उन्होंने अवगत कराया कि अधिग्रहण के पश्चात विकल्प पत्र के आधार पर भूमि के बदले भूमि या नियमानुसार नगद मुआवजा दिया जाएगा।
इससे पहले विधायक संदीप शर्मा के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में उन्होंने बताया कि श्री मथुराधीश जी मन्दिर कॉरिडोर विकास एवं हरिटेज विकास कार्य में पर्यटन विभाग द्वारा 3 जनवरी 2025 को परिवर्तित बजट वर्ष 2024-25 की घोषणा के तहत सार्वजनिक निर्माण विभाग के स्थान पर कोटा विकास प्राधिकरण, कोटा को कार्यकारी एजेन्सी नियुक्त किया था। उन्होंने बताया कि प्रस्ताव को 14 फरवरी 2025 को उप निदेशक पर्यटन, क्षेत्रीय पर्यटन कार्यालय, कोटा को बजट आवंटन व स्वीकृति हेतु भिजवाया गया है। उन्होंने डी.पी.आर. में सम्मिलित मुख्य कार्य एवं राशि का विवरण सदन के पटल पर रखा है।
नगरीय विकास एवं आवासन राज्य मंत्री ने बताया कि मथुराधीश मन्दिर तक का मार्ग अत्यंत संकरा है। कॉरीडोर में मथुराधीश मंदिर के पीछे नामदेव धर्मशाला से भट्ट जी घाट तक रोड़ को 40 फीट चौडा करना, जिससे गढ़ पैलेस स्थित सांई बाबा मंदिर से सीधे मथुराधीश मंदिर तक आवागमन को सुगम बनाने का कार्य प्रस्तावित है। साथ ही, नामदेव धर्मशाला व मंदिर की जमीन पर लगभग 15 हजार वर्गफीट पर मल्टीलेवल पार्किंग बनाया जाना भी प्रस्तावित है।
उन्होंने बताया कि वल्लभ कुल सम्प्रदाय की प्रथम पीठ होने से पूरे देश के श्रृद्धालु यहां आते हैं। सरकार अन्य स्थानों से यहां आने वाले श्रद्धालुओं के आवास आदि की व्यवस्था के लिए मंदिर के सामने स्थित निजी भूमि बॉम्बे वाले की धर्मशाला को अधिगृहित कर प्रथम तथा द्वितीय तल पर श्रद्धालुओं के आवास की व्यवस्था किया जाना प्रस्तावित है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान में कोटा के नन्द ग्राम के रूप में विख्यात पाटनपोल क्षेत्र में कोटा विकास प्राधिकरण द्वारा कोई संशोधित डी.पी.आर. नहीं बनाई जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.