Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति के कल्याण को लेकर प्रतिबद्ध

जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत — जल संसाधन मंत्री श्री रावत और विधायक माहेश्वरी के हाथों मिली कई सौगातें

जयपुर,(25 जून 2025)। जल संसाधन मंत्री  सुरेश सिंह रावत और राजसमंद विधायक  दीप्ति माहेश्वरी के करकमलों से बुधवार को राजसमंद को कई सौगातें मिली।
जल संसाधन मंत्री  सुरेश सिंह रावत भीलवाड़ा होते हुए राजसमंद पंचायत समिति अंतर्गत ग्राम पंचायत घाटी के नवीन भवन का लोकार्पण करने पहुंचे। इस दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उनके स्वागत के लिए उपस्थित थे।  रावत ने पंचायत भवन पहुंचकर विधायक दीप्ति माहेश्वरी के साथ फीता काट कर नवीन भवन का उद्घाटन किया। उन्होंने पंचायत भवन का अवलोकन कर कहा कि यहाँ आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्याओं का समय पर समाधान हो। पंचायत भवन के निकट ही आयोजित जन सभा को उन्होंने संबोधित किया।
मंत्री  रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री  भजनलाल शर्मा ने प्रदेश की कमान संभालने के बाद से ही प्रत्येक गाँव में अंतिम व्यक्ति के कल्याण की दिशा में कदम उठाए हैं। बजट घोषणा 2024-25 में 150 करोड़ रुपए की लागत से राजसमन्द बांध मे जल की आवक में अभिवृद्धि करने हेतु खारी फीडर की प्रवाह क्षमता को बढाने के लिए शेष रहे जीर्णोद्धार तथा आवश्यक मरम्मत कार्य स्वीकृत हुए हैं जिससे आने वाले समय में इस क्षेत्र के बड़े हिस्से को राहत मिलने जा रही है। उन्होंने कहा कि इस कार्य के लिए विधायक दीप्ति माहेश्वरी के प्रयास सराहनीय रहे हैं और वे बधाई की पात्र है। उन्होंने कहा कि विधायक माहेश्वरी अपने क्षेत्र के लिए सदैव संघर्षशील रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा 5 जून से 20 जून तक आयोजित ‘वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान’ में भी उल्लेखनीय कार्य किए गए जिनमें जल स्रोतों में सफाई, मरम्मत आदि कार्य हुए है। ये जल संरक्षण के कार्य हमें सदैव ही प्रेरणा देंगे। उन्होंने कहा कि राजसमंद जिला इस अभियान में अग्रणी रहा है। वर्षा जल को संरक्षित करने के लिए हर व्यक्ति प्रयास करे।
राजसमंद विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने कहा कि वे राजसमंद को 150 करोड़ रुपए की लागत से खारी फीडर की प्रवाह क्षमता को बढ़ाने के लिए शेष रहे जीर्णोद्धार तथा आवश्यक मरम्मत कार्य स्वीकृत करने हेतु मुख्यमंत्री  भजनलाल शर्मा एवं जल संसाधन मंत्री  सुरेश सिंह रावत की आभारी हैं। ये कार्य होने से किसानों को पर्याप्त पानी मिल सकेगा एवं पानी के वेस्टेज में भी कमी आएगी। सरकार ने कुँवारिया कस्बे को सीएचसी की सौगात दी है जिससे यहाँ मरीजों को भी लाभ मिलेगा। साथ ही जल जीवन मिशन के माध्यम से हर घर नल से जल का सपना भी साकार किया जा रहा है।
धोइंदा तलाई का सौंदर्यीकरण कार्य का किया शिलान्यास:
जल संसाधन मंत्री  सुरेश सिंह रावत यहाँ से प्रस्थान कर सीधे नगर परिषद राजसमंद क्षेत्र के धोइन्दा पहुंचे एवं धोइंदा तालाब के पुनरुद्धार कार्यों का शुभारम्भ किया। यहाँ भी उन्होंने जनकल्याण के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया। कार्यों के तहत तालाब की डी-वॉटरिंग कर गहरीकरण करेंगे, रिंग रोड की मिसिंग लिंक का निर्माण करेंगे तथा तालाब के मध्य एक खूबसूरत आइलैंड का निर्माण किया जाएगा। विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने कहा कि धोइंदा तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य होने के पश्चात यह एक शानदार पर्यटक स्थल के रूप में विकसित होगा जिसका लाभ बड़ी संख्या में स्थानीय जनता को मिलेगा। कार्यक्रम में समाजसेवी,अन्य जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय जन मौजूद थे। अंत में कमला नेहरू हॉस्पिटल के बाहर कन्या सुरक्षा सर्कल का लोकार्पण किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.