Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

वंदे गंगा जल संरक्षण- जन अभियान से बदलेगी जयपुर के जल स्रोतों की तस्वीर और तकदीर

जयपुर, (03 जून 2025)। विश्व पर्यावरण दिवस एवं गंगा दशमी के अवसर पर गुरुवार (5 जून) को प्रदेशव्यापी वंदे गंगा जल संरक्षण- जन अभियान का शुभारंभ होगा। राज्य सरकार ने 5 से 20 जून तक प्रदेशभर में वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान संचालित करने का फैसला किया है।

जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने विभागीय अधिकारियों को अभियान को सफल बनाने एवं जन-जन का अभियान बनाने के लिए आपसी समन्वय एवं सहयोग से अभियान की समस्त तैयारियां सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। अभियान के तहत जिले के जल स्रोतों, नदियों, जलधाराओं एवं तालाबों पर जल पूजन, कलश यात्रा, जागरूकता कार्यक्रम व स्वच्छता अभियान, जल संग्रहण संरचनाओं का लोकार्पण और नई संरचनाओं के शिलान्यास जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। हर गांव और हर व्यक्ति को अभियान से जोड़ते हुए इसे जन आंदोलन का स्वरूप दिया जाएगा।

जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने जिले के भामाशाहों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, कार्मिकों और आमजन से अभियान को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद प्रतिभा वर्मा ने बताया कि ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज, वन विभाग, जल संसाधन एवं अन्य विभागों के 56.49 करोड़ की लागत के 1778 कार्यों का लोकार्पण एवं अवलोकन किया जावेगा। शहरी क्षेत्र में गलता जी तीर्थ, जग्गा की बावडी, खनिया की बावड़ी एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर श्रमदान, पौधारोपण तथा साफ सफाई का आयोजन किया जावेगा। साथ ही, विभिन्न विभागों के करीब 99 करोड़ की कुल 1 हजार 949 कार्यों का शुभारंभ एवं शिलान्यास किया जायेगा। अभियान के तहत 1 हजार 500 राजस्व गांवों में पौधारोपण के कार्य भी किया जाएंगे।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान महापुरुषों के प्रतिमाओं की सफाई, अस्पतालों की स्वच्छता, तुलसी के पौधों का वितरण जैसी अन्य गतिविधियों भी आयोजित होंगी। इस अवसर पर जल पूजन कार्यक्रम किया जाएगा। जागरूकता बढ़ाने और परंपरागत स्रोतों के संरक्षण के प्रति जागरूक करने के विशेष कार्यक्रमों का भी राजस्व ग्राम स्तर पर आयोजन किया जावेगा।

उन्होंने बताया कि वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान को सफल बनाने के लिए अधिकांश विभागों को जिम्मेदारी दी गई है साथ ही जिले समस्त जन प्रतिनिधियों से भी अनुरोध किया गया है, अभियान में राजीविका स्वयं सहायता समूह की महिलाओ का ग्रामीण क्षेत्र में जागरूकता के लिये विशेष सहयोग लिया जावेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.