Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

केंद्रीय वन मंत्री भूपेन्द्र यादव एवं वन राज्य मंत्री संजय शर्मा ने अलवर में किया गुरु नानक वाटिका का लोकार्पण

आमजन के बेहतर स्वास्थ्य की दृष्टि से गुरु नानक वाटिका होगी उपयोगी साबित - केंद्रीय मंत्री यादव

जयपुर, (15 नवम्बर 2025)। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव तथा वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने शनिवार को मुंगस्का में ‘ग्रीन लंग्स मुंगस्का’ के तहत विकसित की गई गुरूनानक वाटिका का लोकार्पण किया।

केंद्रीय वन मंत्री भूपेन्द्र यादव ने कहा कि गुरूनानक देव को समर्पित यह वाटिका आमजन के स्वास्थ्य को दृष्टिगत रखते हुए भ्रमण आदि के लिए बहुत उपयोगी साबित होगी। उन्होंने कहा कि इस वाटिका में गुरूनानक देव की वाणी लिखी जाए, जिससे यहां आने वाले लोग उनका मनन कर अपने जीवन में गुरूनानक देव के सत्य वचनों को धारण कर सकें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ अलवर व अतुल्य अलवर अभियान के माध्यम से अलवर को स्वच्छ व साफ-सुथरा शहर बनाने की दिशा में निरन्तर सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कार्बन उत्सर्जन को कम करने एवं ग्रीन स्पेस को बढाने के लिए पेड़ लगाना बेहद आवश्यक है। अतः यहां आने वाले व्यक्ति पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी नैतिक जिम्मेदारी को पूरा करते हुए ना केवल पेड़ लगाए, बल्कि उसकी सार-संभाल भी करें।

वन राज्य मंत्री संजय शर्मा ने गुरूनानक देव को नमन करते हुए कहा कि गुरूनानक देव ने विश्व को सर्वधर्म सम्भाव का संदेश दिया है। गुरूग्रन्थ साहिब के सामने सभी व्यक्ति एक समान है। उन्होंने कहा कि गुरूनानक वाटिका के रूप में अलवर शहर को अच्छी सौगात मिली है, इससे यहां आने वाले लोगों को स्वच्छ वातावरण मिल सकेगा। उन्होंने केंद्रीय वन मंत्री भूपेन्द्र यादव का आभार जताते हुए कहा कि अलवर के चहुंमुखी व सर्वांगीण विकास की भावना से निरन्तर काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गृहस्थ और शहरी दोनों स्तरों पर यह ग्रीन लंग्स मुंगस्का परियोजना अलवर शहर में सतत शहरी नियोजन की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।

केम्पा फण्ड की 2 करोड रूपये की राशि से बनेगी अरावली ईको नर्सरी, एनकेप के 20 लाख रूपये से होंगे वाटिका में काम—

उप वन संरक्षक अलवर राजेन्द्र हुड्डा ने बताया कि ग्रीन लंग्स गुरूनानक वाटिका में वृहद स्तर पर 5 हजार पौधे जिनमें नीम, बबूल, शीशम, अर्जुन, बड, पीपल, गुलर, चुरैल, सीरस, अमरूद सहित अनेक फलदार, छायादार एवं औषधीय स्थानीय जलवायु के अनुकूल प्रजातियों के पौधे लगाए गए हैं। साथ ही जैव विविधता संवर्धन पक्षियों, परागणकर्ताओं तथा स्थानीय वन्यजीवों के अनुकूल वातावरण विकसित किया गया है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय वन मंत्री भूपेन्द्र यादव की ओर से केम्पा मद से यहां अरावली ईको नर्सरी विकसित करने के लिए 2 करोड रूपये की राशि उपलब्ध कराई गई है। साथ ही एनकेप की 20 लाख रूपये की राशि से वाटिका की बाउंड्री वॉल व ओपन एयर जिम व झौंपे आदि तैयार कराए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि वाटिका में जल संरक्षण कार्य हेतु वाटर पोंड के माध्यम से वर्षा जल संचयन एवं भूजल संतृप्ति में सुधार, हरित क्षेत्र, वॉकिंग ट्रैक, पक्की दीवार, सोलर पम्प, व्यू पॉइंट, कलाकृतियां आदि आकर्षण का केंद्र है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.