Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
जयपुर, (4 सितम्बर 2025)। पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत ने गुरुवार को विधानसभा में कहा कि राज्य सरकार द्वारा विधानसभा क्षेत्र बहरोड़ के बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय के रिक्त पदों को शीघ्र ही भर दिया जाएगा।
पशुपालन मंत्री प्रश्नकाल के दौरान सदस्य द्वारा इस सम्बन्ध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र बहरोड़ के प्रथम श्रेणी पशु चिकित्सालय में पूर्व में 05 स्वीकृत पद थे। इसे बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय में क्रमोन्नत किये जाने के बाद 11 पद और जोड़े गए। उन्होंने बताया कि वर्तमान में स्वीकृत कुल 16 पदों में से 10 पद भरे हुए है एवं शेष 06 पद रिक्त है। इन रिक्त पदों में 02 पद पशु चिकित्सा अधिकारी, 01 पद वरिष्ठ सहायक, 02 पद पशुधन परिचर एवं 01 पद पशु परिचर के सम्मिलित है। उन्होंने कहा कि इनमें से पशु चिकित्सा अधिकारी, वरिष्ठ सहायक एवं पशु परिचर के रिक्त कुल 04 पदों को शीघ्र ही भर दिया जाएगा तथा पशुधन परिचर के रिक्त 02 पदों को विभागीय प्रमोशन प्रक्रिया के तहत भर दिया जाएगा।
इससे पहले विधायक डॉ.जसवंत सिंह यादव के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में पशुपालन मंत्री ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र बहरोड़ में बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय के भवन निर्माण हेतु वित्त विभाग से 04 जून, 2025 को 2 करोड़ रुपये की वित्तीय सहमति प्राप्त हो चुकी है। श्री कुमावत ने विधानसभा क्षेत्र बहरोड़ में बहुउदेशीय पशु चिकित्सालय में स्वीकृत एवं रिक्त पदों का श्रेणीवार विवरण सदन के पटल पर रखा। उन्होंने बताया कि रिक्त पदों को कार्मिकों की उपलब्धता अनुसार भरा जाता है। बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय, बहरोड़ में वर्तमान में उपलब्ध उपकरण एवं मशीनों का विवरण उन्होंने सदन के पटल पर रखा।
उन्होंने जानकरी दी कि बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय, बहरोड़ में मशीनरी, साज सामान,औजार एवं संयंत्र में आवश्यक उपकरण के लिए 1 लाख रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति 24 अगस्त, 2024 को जारी की जा चुकी है, जिनके क्रय की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है।