Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

सचिवालय में पार्किंग व्यवस्था का हो रहा कायाकल्प, ट्रैफिक जाम से भी मिलेगी राहत

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर पीडब्ल्यूडी ने बनाया एक्शन प्लान, सितम्बर माह तक हो जाएंगे सभी सम्बंधित कार्य

जयपुर, (4 जनवरी 2026)। शासन सचिवालय में पार्किंग व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश की पालना में तेजी से कार्य किया जा रहा है। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने इस सम्बंध में सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को पूर्ण गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय अवधि में नवीन पार्किंग निर्माण और मौजूदा पार्किंग की मरम्मत और सौंदर्यकरण करवाने के निर्देश दिए हैं।

ताजा स्थिति के अनुसार फ्रंट लोन के नीचे दो मंजिला बेसमेंट पार्किंग में पानी रिसाव की समस्या का स्थायी समाधान करने के लिए थर्ड पार्टी फिजिकल आॅडिट की रिपोर्ट के आधार पर 5 करोड़ 42 लाख रुपये बजट व्यय कर मरम्मत कार्य ​करवाया जा रहा है। यह ​कार्य आगामी सितम्बर माह तक पूर्ण हो जाएगा। इस मरम्मत कार्य से 550 फोर व्हीलर क्षमता वाली वाली इस पार्किंग की जलरिसाव की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हो जाएगा। यहां पूर्व में हुआ निर्माण कार्य पुराना होने के कारण एक्सपेंशन जॉइंट्स से पानी रिसाव होने पर बीम, कॉलम और पिलर में लगे लोहे के सरियों में जंग लग रही है और सीमेंट और कंक्रीट का जोड़ कमजोर हो गया है।

इसके साथ ही सचिवालय प्रवेश द्वार के पास बन रहे नार्थ ब्लॉक के नीचे भी 3 मंजिला बेसमेंट में 268 चार पहिया वाहनों का पार्किंग स्पेस है। इस पार्किंग का निर्माण कार्य आगामी जून माह तक पूर्ण हो जाएगा।

उल्लेखनीय है कि शासन सचिवालय, विधानसभा, राजस्थान उच्च न्यायालय, आयकर विभाग समेत कई महत्वपूर्ण संस्थानों के कारण इस एरिया में पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था में सीधा सम्बंध है। समुचित पार्किंग के अभाव में कई बार जाम लगने की समस्या हो जाती है। इसी को देखते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सचिवालय वाहन पार्किंग व्यवस्था में आमूलचूल सुधार के निर्देश दिए थे। इससे सचिवालय में कार्यरत कार्मिकों के साथ ही राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले परिवादियों, कार्मिकों और गणमान्य लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी, जाम में लगने वाले समय और ईंधन हानि से राहत मिलेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.