Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

छोटी सादड़ी में क्षतिग्रस्त उच्च जलाशय का तकनीकी परीक्षण कर नवनिर्माण किया जाएगा – जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री

जयपुर,(20 फरवरी 2026)। जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैया लाल चौधरी ने शुक्रवार को विधानसभा में कहा कि विधानसभा क्षेत्र छोटी सादड़ी के पंचायत समिति परिसर में स्थित 225 किलोलीटर क्षमता वाले क्षतिग्रस्त उच्च जलाशय का तकनीकी परीक्षण कराया जाएगा। परीक्षण रिपोर्ट के आधार पर आवश्यकतानुसार नए उच्च जलाशय का निर्माण किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि छोटी सादड़ी शहर की वर्तमान जनसंख्या 23 हजार 974 है। शहर की जलापूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए अमृत योजना 2.0 के तहत 13 नवंबर, 2024 को 285.71 लाख रुपये की तकनीकी स्वीकृति जारी की जा चुकी है। 25 जुलाई, 2025 को जारी आदेशानुसार प्रतापगढ़ जिले के कुल तीन शहरों में योजना का कार्य प्रगति पर है। इसके तहत छोटीसादड़ी में 15.95 किलोमीटर लंबाई की पाइपलाइन, पंपसेट बदलने तथा फिल्टर प्लांट के सुदृढ़ीकरण का कार्य किया जा रहा है। योजना का लगभग 40 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है।

जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री प्रश्नकाल के दौरान विधायकश्रीचन्द कृपलानी द्वारा इस संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने बताया कि निम्बाहेड़ा एवं छोटीसादड़ी में ओटीएमपी के माध्यम से स्थानीय स्रोतों से जलापूर्ति की जा रही है। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार निम्बाहेड़ा शहर की आबादी 61,949 थी, जो वर्तमान में बढ़कर 72,480 हो गई है। जलापूर्ति के लिए गंभीरी बांध की तलहटी में स्थित 6 खुले कुओं तथा शहर के विभिन्न स्थानों पर स्थापित 45 नलकूपों का संचालन किया जा रहा है। इन स्रोतों से प्रतिदिन 50.10 लाख लीटर पेयजल उत्पादन कर 48 घंटे के अंतराल पर प्रति व्यक्ति 70 लीटर (एलपीसीडी) की दर से जल वितरण किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त कस्बे में 70 हैंडपंप एवं 12 सिंगल फेज नलकूप भी चालू हैं। निम्बाहेड़ा शहर में वर्तमान में रुडसिको द्वारा चतुर्थ चरण (द्वितीय भाग) का कार्य प्रगति पर है।

इससे पहले विधायक के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री ने बताया कि शहरी जल योजना छोटीसादड़ी की वर्तमान जनसंख्या लगभग 23 हजार 974 व्यक्ति है तथा वर्तमान जल मांग लगभग 1,680 किलो लीटर प्रतिदिन है। शहरी जल योजना के तहत निर्मित 225 किलोलीटर, 300 किलोलीटर, 300 किलोलीटर व 300 किलोलीटर (कुल क्षमता 1125 किलोलीटर) के 4 उच्च जलाशयों द्वारा शहर को 4 जोनों में विभक्त कर पेयजल आपूर्ति की जा रही है।

उन्होंने बताया कि पंचायत समिति परिसर में स्थित क्षतिग्रस्त उच्च जलाशय (क्षमता 225 किलोलीटर) से पेयजल आपूर्ति बंद कर दी गई है एवं इस उच्च जलाशय से पूर्व में लाभान्वित क्षेत्रों को पेयजल आपूर्ति हेतु पंचायत समिति परिसर मे ही निर्मित अन्य उच्च जलाशय से जोड़ा जा चुका है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर छोटी सादड़ी की वर्ष 2055 की अभिकल्पित जल मांग के अनुसार शहर में उच्च जलाशयों की आवश्यक कुल भण्डारण क्षमता वर्तमान उच्च जलाशयों की कुल भण्डारण क्षमता के अनुसार पर्याप्त होने के कारण शहरी जल योजना छोटी सादड़ी में नवीन उच्च जलाशय निर्माण किया जाना आवश्यक नहीं होने के कारण प्रस्तावित नहीं है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.