Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी से ब्रिटेन कंजर्वेटिव पार्टी के वरिष्ठ नेता बॉब ब्लैकमैन ने की मुलाकात

भारत–ब्रिटेन संसदीय संबंधों को मिला नया आयाम

जयपुर, (05 जनवरी 2026)। ब्रिटेन की कंजर्वेटिव पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं सांसद बॉब ब्लैकमैन ने राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी से विधानसभा परिसर में शिष्टाचार भेंट की। यह मुलाकात भारत और ब्रिटेन के बीच संसदीय संवाद, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा आपसी सहयोग को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। विधानसभाध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।

मुलाकात के दौरान विधानसभा अध्यक्ष  वासुदेव देवनानी ने ब्रिटिश सांसद का स्वागत करते हुए राजस्थान विधानसभा की कार्यप्रणाली, परंपराओं और आधुनिक नवाचारों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राजस्थान विधानसभा की स्थापत्य कला बेजोड़ है और यह देश की अग्रणी विधानसभाओं में शामिल है, जहां डिजिटल विधानसभा, ई-विधान प्रणाली, विधायकों के डिजिटल हस्ताक्षर, संविधान गैलरी, वंदे मातरम् गैलरी और कारगिल शौर्य वाटिका जैसे नवाचारों के माध्यम से लोकतंत्र को आधुनिक तकनीक और राष्ट्रीय चेतना से जोड़ा गया है।

विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन संभावनाओं और सामाजिक समरसता की परंपरा पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राजस्थान केवल ऐतिहासिक धरोहरों के लिए ही नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और जनभागीदारी के लिए भी जाना जाता है। इस अवसर पर ब्रिटिश सांसद को विधानसभा भवन और विभिन्न गैलरियों का अवलोकन कराया और राजस्थान की स्थापत्य कला पर विशेष चर्चा की गई ।

ब्रिटिश सांसद बॉब ब्लैकमैन ने भारतीय लोकतंत्र की मजबूती और संसदीय परंपराओं की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और उसकी संसदीय प्रणाली वैश्विक स्तर पर एक उदाहरण प्रस्तुत करती है। ब्लैकमैन ने यह भी कहा कि भारत और ब्रिटेन की संसदीय व्यवस्थाओं में कई समानताएँ हैं और दोनों देशों के बीच अनुभवों के आदान-प्रदान से लोकतांत्रिक संस्थाओं को और सशक्त किया जा सकता है।

बैठक के दौरान भारत–ब्रिटेन ऐतिहासिक संबंधों, वर्तमान वैश्विक परिदृश्य और भविष्य की साझेदारी पर भी चर्चा हुई। बॉब ब्लैकमैन ने भारत की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था, तकनीकी प्रगति और अंतरराष्ट्रीय मंच पर उसकी प्रभावी भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व राजनीति और अर्थव्यवस्था में एक निर्णायक भूमिका निभा रहा है।

 बॉब ब्लैकमैन ने विधानसभा परिसर में किए गए नवाचारों को सराहनीय बताते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयास लोकतंत्र को जनसामान्य से जोड़ने में सहायक होते हैं और युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों से प्रेरित करते हैं। दोनों नेताओं ने विश्व शांति की दृष्टि से विश्व के वर्तमान हालातों तथा बढ़ते शहरीकरण से उत्पन्न पर्यावरण और स्वच्छता आदि समस्याओं पर चिंता व्यक्त की।

मुलाकात के अंत में दोनों पक्षों ने शिक्षा, संस्कृति, पर्यटन और संसदीय प्रशिक्षण जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर सहमति व्यक्त की। विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने विश्वास जताया कि इस तरह की अंतरराष्ट्रीय संसदीय मुलाकातें भारत की लोकतांत्रिक छवि को वैश्विक स्तर पर और मजबूत करेंगी, जबकि ब्रिटिश सांसद  बॉब ब्लैकमैन ने राजस्थान की मेहमाननवाजी और आत्मीय स्वागत के लिए देवनानी का आभार जताया। देवनानी ने कहा कि बॉब ब्लैकमैन से हुई आत्मीय भेंट भारत-ब्रिटेन के मैत्रीपूर्ण संबंधों को नई ऊर्जा एवं दिशा प्रदान करेगी।

उल्लेखनीय है कि पद्मश्री अलंकरण से सम्मानित (2020) ब्रिटिश संसद में भारत एवं भारतीय समुदाय के सशक्त मित्र के रूप में ख्यातिलब्ध ब्रिटिश सांसद श्री बॉब ब्लैकमैन

से विधानसभाध्यक्ष देवनानी की तीन माह पूर्व लंदन प्रवास के दौरान सार्थक भेंट एवं संवाद हुआ था । उस दौरान उन्हें राजस्थान विधानसभा पधारने का निमंत्रण दिया गया था, जिसे स्वीकार कर सोमवार को उन्होंने राज्य विधानसभा का दौरा किया ।

इस अवसर पर राजस्थान विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष सी.पी. जोशी, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, प्रदेश सरकार में संसदीय कार्य मंत्री  जोगाराम पटेल, मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग, मालवीय नगर विधायक  कालीचरण सर्राफ, कपासन विधायक  अर्जुनलाल जीनगर, आदर्श नगर विधायक  रफीक खान और विधानसभा के प्रमुख सचिव  भारत भूषण शर्मा भी उपस्थित थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.