Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

मिनरल एक्सप्लोरेशन के लिए ड्रिलिंग से प्राप्त कोर का होगा वैज्ञानिक संधारण, नवीनतम तकनीक के अनुसार बनेगी कोर लाइब्रेरी

जयपुर,( 2 जनवरी 2025)। राज्य में खान एवं भूविज्ञान सेक्टर में ड्रिलिंग के दौरान प्राप्त कोर की स्तरीय कोर लाइब्रेरी तैयार की जाएगी। खान एवं भूविज्ञान विभाग के प्रमुख शासन सचिव टी. रविकान्त ने यह निर्देश शुक्रवार को राजस्थान स्टेट मिनरल एक्सप्लोरेशन आरएसएमईटी की बैठक में दिए। उन्होंने कहा कि राजस्थान खनिजों का हब प्रदेश है। ऐसे में मिनरल एक्सप्लोरेशन के दौरान ड्रिलिंग आदि के दौरान उपलब्ध होने वाले कोर का समयबद्ध विश्लेषण और उपलब्ध कोर सेंपल्स का वैज्ञानिक तरीके और नवीनतम तकनीक के अनुसार संधारण के लिए आधुनिक संसाधनयुक्त कोर लाइब्रेरी तैयार की जाए।

 टी. रविकान्त ने निर्देश दिए कि विभाग के तीन अधिकारियों के एक दल को मिनरल एक्सप्लोरेशन कारपोरेशन के नागपुर कोर लाइब्रेरी का अध्ययन करने के लिए इसी माह भेजा जाएं। इसके साथ ही कोर संधारण के लिए अन्य तकनीक व व्यवस्था की विश्लेषण कर कोर लाइब्रेरी बनाने की रुपरेखा तैयार की जाए ताकि ड्रिलिंग के दौरान प्राप्त कोर का वैज्ञानिक तरीके से रखरखाव हो सके। उन्होंने कहा कि कोर सेंपल आज के लिए ही नहीं, भविष्य के लिए भी उपयोगी हैं, इसलिए इनकी बेहतर केटलॉगयुक्त कोर लाइब्रेरी बनाया जाना आवश्यक है।

 टी.रविकान्त ने प्रदेश में एक्सप्लोरेशन कार्य को गति देने के निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि अवैध खनन गतिविधियों को रोकने के लिए वैध खनन को बढ़ावा दिया जाना आवश्यक है। ऐसे में एक्सप्लोरेशन, ड्रिलिंग, सेंपल्स का विश्लेषण रिपोर्ट आदि तक के कार्य की एक एसओपी तैयार कर विस्तृत गाइड लाइन जारी की जाएगी, जिसमें समयसीमा और जिम्मेदारी भी तय होगी। उन्होंने आरएसएमईटी द्वारा वेंडर्स व संबंधित अधिकारियों के साथ नियमित प्रगति समीक्षा बैठकें करने, प्रगति की मोनेटरिंग के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भूविज्ञान सेक्टर को भी सक्रिय, परस्पर समन्वय और सहयोग से कार्य को गति देनी होगी ताकि प्रदेश के माइनिंग सेक्टर को और अधिक गति दी जा सके।

मुख्य कार्यकारी आरएसएमईटी आलोक प्रकाश जैन ने आरएसएमईटी की गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी।

बैठक में संयुक्त सचिव अरविन्द सारस्वत, निदेशक माइंस महावीर प्रसाद मीणा, वित अधिकारी सुरेश कुमार, एसजी एरियल सर्वें सुनील कुमार वर्मा, वरिष्ठ भूविज्ञानी सुशील कुमार, जीएसआई, एमईसीएल, आईबीएम व विभाग के अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.