Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
सरस राजसखी राष्ट्रीय मेला 2025 अपने अंतिम चरण में, उत्साह और सहभागिता चरम पर
कॉन्टेस्ट, क्रिएटिविटी और क्राउड- सरस मेले में दिखा खास उत्साह
जयपुर, (2 जनवरी 2025)। सरस राजसखी राष्ट्रीय मेला- 2025 अब अपने अंतिम पड़ाव की ओर अग्रसर है और जैसे-जैसे समापन नज़दीक आ रहा है, मेले का उत्साह और आकर्षण अपने शिखर पर दिखाई दे रहा है। शुक्रवार को मेले में दर्शकों और प्रतिभागियों के बीच खासा उत्साह देखने को मिला। इसकी प्रमुख वजह शनिवार को इन्फ्लुएंसर्स और विज़िटर्स के लिए आयोजित विशेष कॉन्टेस्ट के नतीजों को लेकर बना रोमांच रहा। परिणाम घोषित होने से ठीक एक दिन पहले प्रतिभागियों में बेहतर प्रदर्शन करने और आकर्षक पुरस्कार अपने नाम करने का जोश साफ झलक रहा था।
मेले का हर कोना आज रचनात्मकता और उमंग से भरा नज़र आया। कहीं कैमरों की क्लिक का उत्साह था तो कहीं सोशल मीडिया के लिए रील्स और वीडियो बनाते युवा दिखाई दिए। नए साल के आगमन की खुशी ने भी इस उत्सव में चार चांद लगा दिए, जिसके चलते पिछले दिनों की तुलना में आज आगन्तुकों में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।
इसके साथ ही मेले में प्रतिदिन आयोजित होने वाले लकी ड्रा ने भी खरीदारों के उत्साह को लगातार बनाए रखा है। लकी ड्रा के माध्यम से फ्रिज, वॉशिंग मशीन और स्मार्टफोन जैसे आकर्षक इनाम जीतने का अवसर ग्राहकों को अधिक खरीदारी के लिए प्रेरित कर रहा है, जिससे मेले में बिक्री को भी खासा बढ़ावा मिला है।
मेले में भाग लेने आईं स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की महिलाएं भी इस माहौल से बेहद उत्साहित हैं। उनके हस्तनिर्मित उत्पादों को मिल रही पहचान और सराहना ने उनके आत्मविश्वास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। अपने हुनर और प्रतिभा को मिल रहा सम्मान और आजीविका के सशक्त अवसर उन्हें न केवल आर्थिक रूप से मजबूत बना रहे हैं बल्कि सामाजिक रूप से भी सशक्त करने का कार्य कर रहे हैं। उनकी मुस्कान और आत्मविश्वास इस बदलाव की सजीव तस्वीर पेश कर रही है। जैसे-जैसे मेला अपने समापन की ओर बढ़ रहा है, वैसे-वैसे यहाँ से जुड़ी यादें, अनुभव और प्रेरणाएँ आगंतुकों के मन में लंबे समय तक बनी रहने का भरोसा जगा रही हैं।