Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती के पोस्टर का विमोचन
धानक्या में 25 सितंबर को मनाई जाएगी पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 109 वीं जयंती
जयपुर, (20 सितंबर 2025)। पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति समारोह समिति द्वारा पंडितजी की 109वी जयंती पर आयोजित होने वाले पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति व्याख्यान के पोस्टर का विमोचन राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने शनिवार को यहां कांस्टीट्यूशन क्लब आफ राजस्थान के सभागार में किया।
इस अवसर पर देवनानी ने कहा की पंडित जी की जयंती 25 सितंबर को धानक्या में मनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की नीतियां आज भी समसामयिक और प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि स्वावलंबन की आज महती आवश्यकता है। इससे हमारा राष्ट्र आत्मनिर्भर बनेगा और विश्व में भारत की साख बढ़ेगी। इस अवसर पर राजस्थान धरोहर प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत ने बताया कि इस बार पंडित दीनदयाल उपाध्याय पर शोध करने वाले शोधार्थियों का भी सम्मान किया जाएगा।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति समारोह समिति के अध्यक्ष प्रोफेसर मोहनलाल छीपा ने समारोह की जानकारी देते हुए बताया कि 25 सितंबर गुरुवार को अपराह्न 3:30 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्रीय स्मारक स्थल धानक्या रेलवे स्टेशन पर पंडितजी की जयंती मनाई जाएगी। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर आयोजित होने वाले पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति व्याख्यान समारोह के मुख्य अतिथि राज्यपाल हरि भाऊ बागडे होंगे। राज्य के उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा विशिष्ट अतिथि और कार्यक्रम की अध्यक्षता विजेंद्र सिंह करेंगे। समारोह के मुख्य वक्ता अरुण जैन होंगे।