Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
जयपुर, (24 जनवरी 2026)। गणतंत्र दिवस समारोह— 2026 का राज्य स्तरीय आयोजन सोमवार को स्थानीय सवाई मानसिंह स्टेडियम, जयपुर में प्रातः 9ः30 बजे होगा। 26 जनवरी को होने वाले इस राज्य स्तरीय समारोह का शनिवार को पूर्वाभ्यास किया गया।
इस ‘फुल ड्रेस रिहर्सल’ में राज्य स्तरीय मुख्य समारोह में प्रस्तुत किए जाने वाले मार्च पास्ट, परेड और राजस्थान पुलिस के घुड़सवारों द्वारा प्रदर्शन के साथ-साथ आर्मी, पुलिस व स्कूली छात्र-छात्राओं के बैंड वादन तथा राजस्थानी नृत्य आदि का पूर्वाभ्यास किया गया।
परेड में हाड़ी रानी महिला बटालियन, चौदहवीं बटालियन आरएसी, एसडीआरएफ, जी आर पी, बॉर्डर होमगार्ड तथा अरबन होमगार्ड (पुरुष-महिला) यूनिट्स की एक-एक प्लाटून द्वारा पूर्वाभ्यास किया गया।
समारोह में राज्य सरकार के विभिन्न 12 विभागों द्वारा झांकियों की प्रस्तुति की जाएगी। जिसमें सभी विभाग अपने-अपने क्षेत्र में हुए राज्य सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं और ‘विकसित राजस्थान@2047’ के विजन और महत्वपूर्ण सफलताओं को प्रस्तुत करेंगे।
इस अवसर पर स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रिहर्सल की गई। जिसमें ‘वन्दे मातरम’ थीम पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम द्वारा पूरे देश की संस्कृति को जीवन्त किया गया । छात्र – छात्राओं ने देशभक्ति के साथ लोक नृत्य के माध्यम से प्रदेश के सुनहरे रंग की छटा बिखेरी।
आर्मी, राजस्थान पुलिस, स्काऊटस एंड गाइडस के अलावा स्कूली बालक बालिकाओं ने संगीत की मधुर ध्वनि के साथ बैड़ वादन कर वातावरण में जोश भर दिया। आरएसी के जवानों ने जर्मन ड्रिल में बेहतरीन शारीरिक फुर्ती का कौशल प्रदर्शन कर अपनी प्रैक्टिस को अंजाम दिया। आरएसी के जवानो द्वारा शस्त्रों के प्रदर्शन के साथ ही घुडसवारों द्वारा अद्भुत साहस और पराक्रम से भरे करतब ने देखने वालों के दिलों में रोमांच पैदा कर दिया।
पूर्वाभ्यास में कलाकारों द्वारा राजस्थान की लोक संस्कृति पर आधारित नृत्य की प्रस्तुति ने अपनी इन्द्रधनुषी छटा बिखेरी