Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

मन की बात’ कार्यक्रम की 130वीं कड़ी -राष्ट्रीय मतदाता दिवस लोकतंत्र के लिए महत्वपूर्ण दिन, मतदाता लोकतंत्र की आत्मा

प्रधानमंत्री द्वारा रामसर के जिक्र से प्रदेश के अन्नदाताओं के परिश्रम को मिला सम्मान - मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

जयपुर, (25 जनवरी 2026)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम की ‘130वीं कड़ी’ में देशवासियों को संबोधित किया। वर्ष 2026 में इस कार्यक्रम का यह पहला संस्करण था। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सांगानेर स्थित कैम्प कार्यालय में आमजन के साथ मन की बात कार्यक्रम सुना।

 मोदी ने अपने संबोधन में देशवासियों को गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) की शुभकामनाएं देते हुए संविधान निर्माताओं को नमन किया और राष्ट्रीय मतदाता दिवस (25 जनवरी) पर युवाओं से 18 वर्ष की आयु पूरी होने पर मतदाता पंजीकरण कराने तथा पहली बार वोटर बनने को उत्सव की तरह मनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मतदाता लोकतंत्र की आत्मा होता है और राष्ट्रीय मतदाता दिवस देश के लोकतंत्र के लिए बहुत महत्वपूर्ण दिन है।

प्रधानमंत्री ने ‘स्टार्टअप इंडिया’ की 10 वर्षों की यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है। उन्होंने उद्योग व स्टार्टअप जगत से जुड़े युवाओं से आग्रह किया कि अब देश की सबसे बड़ी प्राथमिकता “क्वालिटी” होनी चाहिए और ‘जीरो डिफेक्ट-जीरो इफेक्ट’ के संकल्प के साथ भारतीय उत्पादों को वैश्विक स्तर पर उत्कृष्ट बनाना होगा।

 मोदी ने जनभागीदारी एवं सामूहिकता को देश की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए आजमगढ़ (उत्तरप्रदेश) में तमसा नदी पुनर्जीवन, अनंतपुर (आंध्रप्रदेश) में जलाशयों के पुनरुद्धार, अन्य स्थानों पर स्वच्छता अभियानों, पर्यावरण संरक्षण तथा ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आज के युवा अपने अनुभवों और जीवनशैली में भक्ति की भावना को शामिल कर रहे हैं। श्री मोदी ने विदेशों में भारतीय समुदाय द्वारा संस्कृति संरक्षण और मलेशिया के भारतीय समाज के कार्यों की भी प्रशंसा की।

प्रधानमंत्री ने रामसर का किया जिक्र, किसानों के नवाचारों को सराहा-ञ प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में श्रीअन्न (मिलेट्स) के बढ़ते महत्व पर चर्चा करते हुए राजस्थान के रामसर के किसानों के नवाचारों को सराहा। उन्होंने कहा कि रामसर ऑर्गेनिक फार्मर प्रोड्यूसर कम्पनी से 900 से अधिक किसान जुड़े हैं। ये किसान मुख्य रूप से बाजरे की खेती करते हैं और बाजरे को प्रोसेस करके रेडी-टू-ईट लड्डू तैयार किया जाता है, जिसकी बाजार में बडी डिमांड है। इसके साथ ही उन्होंने तमिलनाडु की महिला किसानों की भी सराहना की।

2 वर्षों में प्रदेश में लगाए 19 करोड़ पौधे – मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संबोधन आत्मनिर्भर और विकसित भारत के संकल्प को नई ऊर्जा देता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में देशभर में 200 करोड़ पौधे लगाए जाने का जिक्र किया है। राजस्थान में भी हमारी सरकार ने इस अभियान से प्रेरणा लेकर 5 वर्ष में 50 करोड़ पौधे लगाने का संकल्प किया है। हमने पिछले वर्ष लगभग 7 करोड़ और इस वर्ष लगभग 12 करोड़ पौधे लगाकर कुल 19 करोड़ से अधिक पौधरोपण किया है।

  शर्मा ने कहा कि रामसर के किसानों द्वारा श्रीअन्न (बाजरा) को प्रोसेस कर रेडी-टू-ईट उत्पाद तैयार करना, उनकी मेहनत, नवाचार और आत्मनिर्भरता का उत्कृष्ट उदाहरण है। प्रधानमंत्री जी का यह उल्लेख राजस्थान के अन्नदाताओं के परिश्रम को राष्ट्रीय मंच पर सम्मान देने जैसा है। उन्होंने विश्वास जताया कि श्रीअन्न आधारित नवाचारों से प्रदेश में किसानों की आय बढ़ेगी, ग्रामीण अर्थव्यवस्था सशक्त होगी और स्वस्थ राजस्थान-समृद्ध राजस्थान के संकल्प को नई गति मिलेगी।

 इस अवसर पर बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.