Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
झुंझुनूं, (5 मई 2026)। राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद् द्वारा प्रदेश के प्रतिभावान खिलाड़ियों को तराशने के लिए आगामी जून महीने में 66वें केन्द्रीय आवासीय प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। परिषद् की सचिव नीतू बारूपाल द्वारा जारी आदेश के अनुसार, ये शिविर माउंट आबू (सिरोही), जयपुर और बांसवाड़ा में आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में 14 से 17 वर्ष के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को विशेष प्रशिक्षकों से उच्च स्तरीय प्रशिक्षण मिलेगा।
माउंट आबू (सिरोही) में हैण्डबाल, वॉलीबाल, बास्केटबाल, एथलेटिक्स, तीरन्दाजी और बॉक्सिंग (बालक-बालिका वर्ग) का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जयपुर में फुटबॉल, क्रिकेट, जिम्नास्टिक, जूडो, हॉकी, कुश्ती, कबड्डी, भारोत्तोलन (केवल बालक), खो-खो (केवल बालक) और साइकिलिंग के लिए शिविर आयोजित होंगे।
बांसवाड़ा में विशेष रूप से जनजाति वर्ग के बालक-बालिकाओं के लिए वॉलीबाल, तीरन्दाजी, एथलेटिक्स, कबड्डी, हॉकी, बास्केटबाल, खो-खो, फुटबॉल और हैण्डबाल का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जिला खेल अधिकारी राजेश ओला ने बताया कि
इच्छुक खिलाड़ी 15 मई तक अपने आवेदन जिला खेलकूद पर प्रशिक्षण केन्द्र, स्वर्ण जयंती स्टेडियम झुंझुनू पर जमा करवा सकते हैं। आवेदन पत्र परिषद की वेबसाइट www.rssc.in से डाउनलोड कर सकते हैं।