Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

राजस्थान पुलिस की वर्ष 2026 की प्राथमिकताएँ तय

जयपुर, (31 दिसम्बर 2025)। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने वर्ष 2026 के लिए राजस्थान पुलिस की प्रमुख प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा है कि जन-सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और जनविश्वास को केंद्र में रखते हुए पुलिस तंत्र को और अधिक प्रभावी, संवेदनशील एवं तकनीक-सक्षम बनाया जाएगा।

अपराध संबंधी प्राथमिकताएं —

डीजीपी शर्मा ने बताया कि अपराध संबंधी प्राथमिकताओं के अंतर्गत संगठित अपराध के विरुद्ध सख्त एवं निर्णायक कार्यवाही की जाएगी। महिलाओं, बच्चों एवं कमजोर वर्गों के प्रति होने वाले अपराधों की रोकथाम राजस्थान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी, जिसमें त्वरित कार्रवाई और गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही, सड़क सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन को सुदृढ़ करते हुए दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए उनकी रोकथाम और तकनीकी रूप से सक्षम अनुसंधान पर विशेष बल दिया जाएगा।

प्रशासनिक प्राथमिकताएं —

प्रशासनिक प्राथमिकताओं पर प्रकाश डालते हुए डीजीपी शर्मा ने कहा कि जनसहभागिता के माध्यम से पुलिस-जन संबंधों को और मजबूत किया जाएगा, जिससे पुलिस व्यवस्था अधिक पारदर्शी और भरोसेमंद बने। पुलिस कार्यों में आधुनिक तकनीक के अधिकतम उपयोग से कार्यकुशलता बढ़ाई जाएगी। पुलिस कार्मिकों की कार्यदशा, कल्याण और दक्षता में सुधार हेतु निरंतर प्रयास किए जाएंगे। इसके साथ ही, पुलिस परिसरों में सामुदायिक सेवाओं को प्रोत्साहित कर समाज के साथ पुलिस की सहभागिता को नई दिशा दी जाएगी।

डीजीपी शर्मा ने विश्वास व्यक्त किया कि वर्ष 2026 में इन प्राथमिकताओं के प्रभावी क्रियान्वयन से राजस्थान पुलिस और अधिक जनहितकारी, सक्षम एवं उत्तरदायी बनेगी तथा राज्य में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा सकेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.