Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

महज पर्यटन स्थल ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय गौरव व राष्ट्रीय चेतना का अनूठा स्थल है ‘प्रताप गौरव केन्द्र’ – देवनानी

उदयपुर के ‘प्रताप गौरव केन्द्र’ पहुँचे देवनानी

जयपुर, (4 जनवरी 2024)। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी गुरूवार को प्रात: उदयपुर के ‘प्रताप गौरव केन्द्र’ पहुँचे। विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने वीरता, पराक्रम, त्याग और देश भक्ति के प्रतीक महान योद्धा महाराणा प्रताप के स्मारक को नमन कर श्रद्धा से पुष्पांजलि अर्पित की। विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने कहा कि ‘प्रताप गौरव केन्द्र’ महज पर्यटन स्थल ही नहीं है बल्कि यह राष्ट्रीय गौरव और राष्ट्रीय चेतना का अनूठा केन्द्र भी है।
विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने कहा कि पर्यटन स्थल के रूप में प्रदेश और देश में इस केन्द्र ने राष्ट्रीय पर्यटन नक्शे में स्थान बनाया है। यह गौरव केन्द्र हमारे लिए तीर्थ स्थल भी है। वीर शिरोमणी महाराणा प्रताप राष्ट्र के लिए प्रात: स्मरणीय है। राष्ट्र के लिए गौरव है। भारतीय मानव जीवन के आदर्श महाराणा प्रताप के जीवन से युवाओं को देश भक्ति और त्याग का पाठ सीखना चाहिए। विधानसभा अध्यक्ष देवनानी डूंगरपुर, बांसवाडा और उदयपुर यात्रा पर है। उदयपुर यात्रा के दौरान गुरूवार को प्रात वे प्रताप गौरव केन्द्र पहुँचे और महाराणा प्रताप का स्मरण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किये।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने अपने शिक्षा मंत्री काल के दौरान प्रदेश के विद्यालय शिक्षा में अकबर महान के अध्याय को हटवाकर प्रताप महान का नया अध्याय शामिल कराया था। उनके इस प्रभावशाली कदम और चुनौतीपूर्ण पहल से देश और प्रदेश के इतिहास में महाराणा प्रताप को गौरवशाली स्थान मिला।
उल्लेखनीय है कि विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की इस ‘प्रताप गौरव केन्द्र’ के निर्माण और इसकी परिकल्पना में महत्वपूर्ण भूमिका रही है। विधानसभा अध्यक्ष देवनानी वीर शिरोमणी प्रताप समिति के प्रथम अध्यक्ष रहे है। वर्तमान में  ‘प्रताप गौरव केन्द्र’ समिति की कार्यकारिणी के सदस्य है। विधानसभा अध्यक्ष देवनानी की अध्यक्षता में बनी समिति की दूरगामी सोच की परिकल्पना के अनुरूप ही यहां प्रताप स्मारक स्थल का निर्माण किया गया और इसके संचालन के लिए प्रताप गौरव केन्द्र समिति का गठन किया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.