Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
जयपुर, (19 नवम्बर 2025)। त्रिपुरा विधानसभा की याचिका समिति के सदस्यों ने बुधवार को राजस्थान विधानसभा का अध्ययन भ्रमण किया। समिति के सदस्यों ने विधानसभा भवन का अवलोकन किया तथा सदन की कार्यप्रणाली, प्रक्रियाओं तथा संचालन व्यवस्था की विस्तृत जानकारी प्राप्त की, परिसर में स्थापित डिजिटल म्यूजियम का अवलोकन किया।
राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी द्वारा सदन संचालन में किए गए नवाचारों, डिजिटलीकरण, पारदर्शिता तथा प्रशासनिक प्रक्रियाओं में अपनाई गई आधुनिक पहलुओ की जानकारी समिति को विस्तारपूर्वक दी गई। समिति के सदस्यों ने कहा कि राजस्थान विधानसभा के नवाचार देश की अन्य विधानसभाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
अध्ययन भ्रमण के दौरान राजस्थान विधानसभा की याचिका समिति के सभापति कैलाश वर्मा ने त्रिपुरा याचिका समिति के सभापति अभिषेक देबरॉय का पारंपरिक साफा पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर तथा पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कैलाश वर्मा ने राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी द्वारा किए गए नवाचारों से भी त्रिपुरा याचिका समिति के सभी सदस्यगणों को अवगत कराया।
इस अवसर पर त्रिपुरा समिति के सदस्य शंभू लाल चकमा, अंतरा सरकार देब, नंदिता देबबर्मा (रियांग), बिराजित सिंह एवं अशोक चन्द्र मित्र उपस्थित रहे। राजस्थान विधानसभा की याचिका समिति के सदस्य जेठानंद व्यास, बालमुकुंद आचार्य, राजेंद्र गुर्जर, हंसराज पटेल और भगवाना राम सैनी ने भी संयुक्त बैठक में सहभागिता की। विधानसभा याचिका समिति के सहायक सचिव बलवीर सिंह शेखावत और शांति कुमार सैनी भी इस अवसर पर मौजूद रहे।