Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
संसदीय कार्य मंत्री ने जोधपुर जिले के केरू ब्लॉक के सत्रारंभ प्रधानाध्यापक वाक्पीठ में की शिरकत
राज्य सरकार प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तायुक्त शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध —संसदीय कार्य मंत्री
जयपुर, (29 अगस्त 2025)। संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने शुक्रवार को जोधपुर जिले के महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय देसूरिया बिश्नोईयां (करवड़) में केरू ब्लॉक के प्रधानाध्यापक सत्रारंभ वाक्पीठ में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
पटेल ने कहा माननीय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में प्रदेश सरकार प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तायुक्त शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा गत दो बजट में भवन मरम्मत एवं भवन निर्माण के लिए 625 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए है। साथ ही महज डेढ़ वर्ष के कार्यकाल में लूणी विधानसभा के विद्यालयों के समुचित विकास के लिए 14 करोड़ 48 लाख रूपये की राशि स्वीकृत की गई हैं।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप शैक्षणिक गतिविधियों का हो संचालन
संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की धुरी है और सभ्य नागरिक समाज के निर्माण में उसकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा विद्यालयों में नामांकन वृद्धि को गंभीरता से लिया जाए और नामांकन में कमी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप शैक्षणिक गतिविधियों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करें और संस्था प्रधान अपने नियत दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा के साथ करें।
लक्ष्यों की प्राप्ति और गुणवत्ता में करें सुधार—
पटेल ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्ता सुधारना हम सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा संस्था प्रधान विभाग द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा वाक्पीठ सिर्फ औपचारिक बैठक न रहे, बल्कि यह अनुभव साझा करने और नवाचार की योजनाओं को लागू करने का मंच बने। जो भी चर्चा यहां हो, उसे विद्यालय स्तर पर अमल में लाया जाए।
विद्यालय विकास के लिए दिए आवश्यक निर्देश—
पटेल ने कहा कि विद्यालय की अवसंरचना, शिक्षण संसाधन, छात्र-छात्राओं के अनुशासन और परिणाम को बेहतर बनाने जैसे विषय वाक्पीठ के प्रतिवेदन में प्रमुखता से शामिल किए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों और भामाशाहों की सूची बोर्ड पर लगाएं।
संसदीय कार्य मंत्री ने संस्था प्रधानों से आह्वान किया कि वे बिना किसी बाहरी दबाव में आए, केवल विद्यार्थियों के हित में निर्णय लें। विद्यालय परिसर को स्वच्छ,हरित और सुरक्षित बनाएं। साथ ही विद्यालय परिसर एवं शौचालयों की नियमित सफाई करवाएं और वातावरण को स्वच्छ रखें।
राष्ट्रीय खेल दिवस पर शुभकामनाएं प्रेषित की—
संसदीय कार्य मंत्री ने राष्ट्रीय खेल दिवस पर शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, ऊर्जा और एकजुटता की भावना पैदा करते हैं। उन्होंने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को नमन करते हुए कहा कि उनका योगदान खेल जगत और देश के लिए अविस्मरणीय है।
अधिकाधिक औचक निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें—
पटेल ने ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि अधिकाधिक विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा पैरेंट्स टीचर मीटिंग के माध्यम से ग्रामीणों और अभिभावकों को विद्यालय विकास में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाए। इस दौरान उन्होंने संस्था प्रधानों से संवाद कर विद्यालय की समस्याएं सुनी एवं सुझाव मांगे।