Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

देवनारायण योजनान्तर्गत संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक का आयोजन

जयपुर (23 अक्टूबर 2024)। ओमप्रकाश भडाणा,अध्यक्ष, देवनारायण बोर्ड की अध्यक्षता में बुधवार को निदेशालय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग स्थिति सभागार में देवनारायण योजनान्तर्गत संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया है।

भडाणा द्वारा देवनारायण योजनान्तर्गत संचालित योजनाओं की योजनावार समीक्षा की गई, जिसमें देवनारायण छात्रावासों में प्रवेश की स्थिति की समीक्षा करते हुए छात्रावासों में निर्धारित मापदण्डानुसार 60 प्रतिशत सीटें अति पिछडा वर्ग के विद्यार्थियों से भरने के निर्देश प्रदान किये।

उन्होंने छात्रावासों एवं आवासीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को दी जा रही सुविधाओं में गुणात्मक सुधार करने हेतु एव नियमित निरीक्षण करने के निर्देश प्रदान किये।

अध्यक्ष द्वारा उच्च शिक्षा विभाग द्वारा देवनारायण छात्रा स्कूटी वितरण एवं प्रोत्साहन राशि योजना में आवेदन में आ रही समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिये। साथ ही वर्ष 2021-22 एवं 2022-23 में चयनित पात्र छात्राओं को तत्काल स्कूटी वितरण के निर्देश प्रदान किये।

भडाणा ने देवनारायण योजनान्तर्गत निर्माणाधीन छात्रावास एवं आवासीय विद्यालय भवनों के निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करवाने के निर्देश प्रदान किये। जिन भवनों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। उनका सार्वजनिक निर्माण विभाग से समन्वय कर शीघ्र कब्जा लेकर निर्मित भवनों में संचालन आरम्भ कराने के निर्देश दिये।

उन्होंने देवनारायण गुरूकुल योजनान्तर्गत चयनित विद्यार्थियों के विद्यालय में प्रवेश के उपरान्त एक विद्यालय से दूसरे विद्यालय में हस्तांतरण करवाने की प्रक्रिया को सरलीकृत करवाने के निर्देश प्रदान किये।

बैठक में बचनेश अग्रवाल, निदेशक एवं संयुक्त शासन सचिव, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के साथ विभिन्न योजनाओं के प्रभारी अधिकारी शामिल हुए।

साथ ही बैठक में देवनारायण छात्रा स्कूटी वितरण एवं प्रोत्साहन राशि योजना के संबंध में उच्च शिक्षा विभाग, उप स्वास्थ्य केन्द्रों की प्रगति के संबंध में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, आंगनबाड़ी केन्द्रों की प्रगति के संबंध में महिला एवं बाल विकास विभाग, निर्माण कार्यों की प्रगति के संबंध में सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारी उपस्थित हुए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.