Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

जयपुर में सेना दिवस परेड का आयोजन प्रदेश के लिए गर्व एवं हर्ष का विषय – मुख्य सचिव

मुख्य सचिव ने की सेना दिवस परेड-2026 की तैयारियों की समीक्षा - जगतपुरा में आयोजन स्थल पर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

जयपुर, (4 जनवरी 2026)। जयपुर में 8 जनवरी से 15 जनवरी तक आयोजित होने जा रहे सेना दिवस परेड-2026 समारोह के दिव्य एवं भव्य आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने रविवार को महल रोड, जगतपुरा स्थित आयोजन स्थल का दौरा कर सेना दिवस परेड की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को सफल आयोजन के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने आयोजन स्थल पर पहुंचकर मैप्स एवं चार्ट के माध्यम से विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सेना दिवस परेड का जयपुर में आयोजन पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है और इसे राष्ट्रीय स्तर की गरिमा के अनुरूप आयोजित किया जाना चाहिए। मुख्य सचिव  वी. श्रीनिवास ने कहा कि राजस्थान सरकार सेना दिवस परेड-2026 के सफल आयोजन हेतु पूर्ण सहयोग प्रदान करेगी।

उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, दर्शक दीर्घा एवं मंच व्यवस्था, स्वच्छता, विद्युत एवं पेयजल व्यवस्था, पार्किंग, चिकित्सा सेवाएं तथा आपातकालीन प्रबंधन को लेकर विशेष निर्देश दिए। साथ ही, आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पूर्व तैयारी एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रशासन एवं सेना के अधिकारियों से फील्ड-लेवल तैयारियों की जानकारी ली तथा आवश्यक सुधारात्मक सुझाव भी दिए।

इस अवसर पर प्रमुख शासन सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग  नवीन जैन, मेजर जनरल  अमर रामदासानी, मेजर जनरल  रोहित मेहरोत्रा, ब्रिगेडियर सुरेन्द्र सिंह शेखावत, ब्रिगेडियर  संजय शर्मा एवं कर्नल सुभाष बसेरा, जिला कलक्टर जयपुर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी, आयुक्त नगर निगम डॉ. गौरव सैनी सहित प्रशासन एवं सेना के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.