Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
अजमेर उत्तर की सातों डिस्पेंसरियों में अब एक्स-रे सुविधा
35 लाख की लागत से लगा रही मशीनें— पंचशील सीएचसी में पोर्टेबल एक्सरे मशीन का शुभारंभ
जयपुर, (14 जून 2026)। अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र की सभी डिस्पेंसरियों में अब एक्स-रे की सुविधा उपलब्ध हो गई हैं। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने रविवार को पंचशील स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में एक्स-रे सुविधा के लिए पोर्टेबल मशीन का शुभारंभ किया। 35 लाख की लागत से यह मशीनें उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी जी ने कहा कि राज्य सरकार आमजन को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। पोर्टेबल एक्स-रे मशीन के उपलब्ध होने से अस्पताल में आने वाले मरीजों को शीघ्र जांच सुविधा मिलेगी तथा गंभीर, वृद्ध एवं चलने-फिरने में असमर्थ मरीजों को विशेष राहत प्राप्त होगी। यह उपकरण स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने के साथ-साथ मरीजों के समय और संसाधनों की भी बचत करेगा। जनहितकारी सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक संस्थाओं की सहभागिता से चिकित्सा सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने समाज के अन्य संगठनों एवं भामाशाहों से भी स्वास्थ्य क्षेत्र में सहयोग के लिए आगे आने का आह्वान किया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ज्योत्सना रंगा ने बताया कि पोर्टेबल एक्स-रे मशीन के माध्यम से अस्पताल में भर्ती मरीजों, आपातकालीन स्थिति वाले रोगियों तथा ऎसे मरीजों की जांच आसानी से की जा सकेगी जिन्हें एक्स-रे कक्ष तक ले जाना कठिन होता है। इससे जांच प्रक्रिया में तेजी आएगी तथा उपचार शीघ्र प्रारंभ किया जा सकेगा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने अस्पताल परिसर का अवलोकन कर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की तथा चिकित्सा कार्मिकों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में संयुक्त निदेशक डॉ. संपत सिंह जोधा की ओर से सभी अतिथियों, सहयोगी संस्थाओं एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में निरंतर सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की गई।
इस अवसर पर आयोजित समारोह में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त निदेशक निदेशक डॉ. संपत सिंह जोधा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ज्योत्सना रंगा, अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामलाल चौधरी, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।