Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
राज्य सरकार एवं पंजाब नेशनल बैंक के मध्य एमओयू
साझेदारी से प्रदेश के विकास एवं जनकल्याण के नए आयाम होंगे स्थापित- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
जयपुर, (06 सितम्बर 2025)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प के साथ विकसित राजस्थान का निर्माण हमारा ध्येय है। इसके लिए हमारी सरकार पहले बजट से ही दीर्घकालिक योजना के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे, अक्षय ऊर्जा से लेकर जयपुर मेट्रो के विस्तार सहित आधारभूत विकास की विभिन्न परियोजनाएं इस दिशा में कारगर साबित होगी। प्रदेश की अर्थव्यवस्था को वर्ष 2030 तक 350 बिलियन डॉलर बनाने के लक्ष्य की दिशा में हमने पूंजीगत निवेश पर विशेष बल दिया है।
शर्मा शनिवार को मुख्यमंत्री निवास पर राज्य सरकार एवं पंजाब नेशनल बैंक के मध्य एमओयू हस्ताक्षर कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पंजाब नेशनल बैंक हमारे प्रदेश के विकास में साझेदार बन रहा है। पंजाब नेशनल बैंक केन्द्र सरकार एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं में सराहनीय भूमिका निभाता रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश के विकास एवं जनकल्याण में यह साझोदारी नए आयाम स्थापित करेगी।
गांव से लेकर देश-प्रदेश के विकास के लिए वित्तीय संसाधन अहम—
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव से लेकर देश-प्रदेश के विकास में वित्तीय संसाधनों की अहम भूमिका होती है। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से गरीब लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव आया है और उनका जीवन स्तर बेहतर हुआ है। उन्होंने कहा कि पंजाब नेशनल बैंक देश के अग्रणी बैंकों में शामिल है। ऐसे में वे ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ते हुए बैंकिंग क्षेत्र के प्रति आमजन का विश्वास बढ़ाएं, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक इन सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित हो सके। साथ ही, उन्होंने राज्य की एमएसएमई इकाइयों को वर्तमान परिपेक्ष्य में अपेक्षित सहयोग प्रदान करने का भी आग्रह किया।
आधारभूत विकास के वित्तीय पोषण के लिए एमओयू—
कार्यक्रम में शासन सचिव, वित्त (व्यय) विभाग एवं जोनल हेड, पंजाब नेशनल बैंक ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इस एमओयू के तहत राज्य सरकार की ऊर्जा, सड़क, पेयजल और स्वच्छता आदि से जुड़ी विकास परियोजनाओं के लिए पंजाब नेशनल बैंक द्वारा अगले 5 वर्षों के लिए ऋण के रूप में 21 हजार करोड़ रुपये की वित्तीय उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। इससे आधारभूत संरचनाओं की परियोजनाओं के वित्तीय पोषण के साथ ही उन्हें गति मिलेगी।
इस अवसर पर मुख्य सचिव सुधांश पंत, अतिरिक्त मुख्य सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय शिखर अग्रवाल, प्रमुख शासन सचिव वित्त वैभव गालरिया, प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी पंजाब नेशनल बैंक अशोक चंद्र सहित वित्त विभाग व मुख्यमंत्री कार्यालय के उच्चाधिकारी एवं पीएनबी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।