Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
जयपुर, (22 अगस्त 2025)। सिरोही जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र/आयुष्मान आरोग्य मंदिर (पीएचसी) माकरोड़ा एवं पीएचसी डोडुआ का शिलान्यास राज्य के ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज राज्यमंत्री ओटाराम देवासी द्वारा किया गया।
राज्यमंत्री देवासी ने अपने उद्बोधन में कहा कि राज्य सरकार आमजन को सुलभ व गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सतत प्रयासरत है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। माकरोड़ा और डोडुआ में पीएचसी बनने से ग्रामीणों को उनके ही गांव में उपचार व दवाइयों की सुविधा मिलेगी और अब उन्हें शहरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार अच्छे स्वास्थ्य के लिए दृढ़ संकल्पित है, स्वास्थ्य सुविधाओं को उपलब्ध करने में धन की कही कमी नहीं है। सरकार ने हाल ही में जिले में चिकित्सकों के पद भी भरे है।
सिरोही जिला प्रमुख अर्जुनराम पुरोहित ने इस अवसर पर बताया कि उप स्वास्थ्य केंद्र से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनने से चिकित्सा सुविधाओं में बढ़ोतरी होती है, जिसमे चिकित्सक की उपलब्धता, दवाईयो की संख्या एवं जांचो की संख्या सम्मिलित है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. दिनेश खराड़ी ने जानकारी दी कि पीएचसी माकरोड़ा और डोडुआ के निर्माण से आस पास के गांवों के लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की आसान उपलब्धता सुनिश्चित होगी। इन केन्द्रों पर सामान्य रोगों का उपचार, आवश्यक दवाइयाँ, प्रसूति सेवाएं, टीकाकरण और मातृ-शिशु स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। विभाग का लक्ष्य है कि ग्रामीण अंचलों समुचित चिकित्सा सुविधा प्रदान की जाए। ग्रामवासियों ने लंबे समय से चली आ रही इस मांग की पूर्ति पर राज्य सरकार और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि व ग्रामीण उपस्थित रहे।