Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.
स्टेट जीएसटी की बड़ी कार्रवाई: माइनिंग रॉयल्टी ठेकेदारों पर शिकंजा –अंतर-विभागीय डेटा विश्लेषण से 300 करोड़ की कर चोरी उजागर
गत सप्ताह भी उजागर की थी लगभग 200 करोड़ की कर चोरी
जयपुर, (19 दिसंबर 2025)। राज्य में कर चोरी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत स्टेट जीएसटी विभाग ने अब तक की अपनी सबसे बड़ी और संगठित कार्रवाई करते हुए प्रदेश के 12 बड़े माइनिंग रॉयल्टी कलेक्शन ठेकेदारों के खिलाफ एक साथ सर्वे की कार्रवाई की है।
यह कार्रवाई मुख्य आयुक्त कुमारपाल गौतम के निर्देशन में की गई। इसमें खान और जीएसटी विभाग के डेटा का बिज़नेस इंटेलिजेंस यूनिट द्वारा अंतर-विभागीय तुलनात्मक विश्लेषण किया गया। इस विश्लेषण में कई चौंकाने वाली और गंभीर वित्तीय अनियमितताओं का खुलासा हुआ, जिसके आधार पर प्रदेश स्तर पर 12 विशेष टीमों का गठन कर एक साथ सर्वे ऑपरेशन को अंजाम दिया गया।
देर रात तक चली इस कार्रवाई के दौरान जीएसटी अधिकारियों ने संबंधित ठेकेदारों के व्यावसायिक परिसरों पर दस्तावेजों की गहन जांच की। जांच के दौरान महत्वपूर्ण व्यावसायिक रिकॉर्ड, लेन-देन से जुड़े कागजात और डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए, जिन्हें आगे की विस्तृत जांच के लिए जब्त किया गया है।
प्रारंभिक जांच में लगभग 300 करोड़ रुपये की कर चोरी से जुड़े ठोस दस्तावेजी साक्ष्य मिलने की पुष्टि हुई है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, आने वाले दिनों में यह आंकड़ा और बढ़ सकता है।
उल्लेखनीय है कि स्टेट जीएसटी विभाग वर्तमान में राज्य के विभिन्न विभागों के डेटा का तकनीक आधारित तुलनात्मक विश्लेषण कर रहा है, जिससे कर चोरी के नए-नए मामलों का पर्दाफाश हो रहा है।
गौरतलब है कि गत सप्ताह ही राज्य भर में होटल, रियल एस्टेट, डेयरी उत्पाद, सेवा क्षेत्र सहित 110 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए लगभग 200 करोड़ रुपये की कर चोरी उजागर की गई थी। इस दौरान कई व्यापारियों ने कर चोरी स्वीकार करते हुए स्वेच्छा से 10 करोड़ रुपये विभाग के पास जमा कराए थे।
स्टेट जीएसटी विभाग ने स्पष्ट किया है कि कर चोरी के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती और पारदर्शिता के साथ जारी रहेगा, और किसी भी स्तर पर राजस्व को नुकसान पहुँचाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।