Rajasthan Update
Rajasthan Update - पढ़ें भारत और दुनिया के ताजा हिंदी समाचार, बॉलीवुड, मनोरंजन और खेल जगत के रोचक समाचार. ब्रेकिंग न्यूज़, वीडियो, ऑडियो और फ़ीचर ताज़ा ख़बरें. Read latest News in Hindi.

सपोटरा में पशु चिकित्सा केन्द्र कुड़गांव के लिए भूमि आवंटित

भवन निर्माण के लिए स्वीकृत करेंगे बजट - पशुपालन मंत्री

जयपुर, (12 फरवरी 2026)। पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत ने गुरुवार को विधानसभा में बताया कि राज्य सरकार द्वारा वर्ष 2024-25 में पशु चिकित्सा केन्द्र, कुड़गांव को प्रथम श्रेणी पशु चिकित्सालय में क्रमोन्नत किया गया था। उन्होंने बताया कि चिकित्सालय के लिए भूमि आवंटित की जा चुकी है। अब संसाधनों की उपलब्धता के आधार पर आगामी वित्तीय वर्ष में भवन निर्माण के लिए बजट स्वीकृत किया जाएगा।

पशुपालन मंत्री प्रश्नकाल के दौरान सदस्य हंसराज मीना द्वारा पूछे गए पूरक प्रश्नों का उत्तर दे रहे थे। उन्होंने बताया कि करौली जिले के करौली एवं टोडाभीम ब्लॉक में बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय संचालित हैं। इसी प्रकार नादौती एवं सपोटरा ब्लॉक में ब्लॉक वेटेरिनरी हेल्थ ऑफिस संचालित हैं। वर्तमान में यहां बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पशु चिकित्सा संस्थाओं का क्रमोन्नयन आवश्यकता एवं वित्तीय संसाधनों की उपलब्धता के आधार पर किया जाता है। उन्होंने कहा कि आवश्यकता होने पर संबंधित क्षेत्रों में सर्वे कराकर नियमानुसार क्रमोन्नयन की कार्यवाही की जाएगी।

इससे पहले विधायक के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में पशुपालन मंत्री ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र सपोटरा में 3 ब्लॉ‍क वेटेरीनरी हैल्थ ऑफिस, 2 प्रथम श्रेणी पशु चिकित्सा‍लय, 11 पशु चिकित्सालय तथा 50 पशु चिकित्सालय उपकेन्द्रों सहित कुल 66 पशु चिकित्सा‍ संस्थायें स्वीकृत हैं।

उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र सपोटरा की पशु चिकित्सा संस्थाओं में विभागीय कार्मिकों के कुल स्वीकृत 167 पदों में से 63 पद वर्तमान में रिक्त हैं। उन्होंने वर्षवार विवरण सदन के पटल पर रखा। उन्होंने बताया कि रिक्त पदों को कार्मिकों की उपलब्धता अनुसार भरा जाता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.